Bhiwadi Crime News : एटीएम कार्ड बदलकर 73 हजार की ठगी कर दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

Crime@ncrkhabar.com-Bhiwadi.भिवाड़ी थाना पुलिस ने रामपुरा स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में ग्राहक का एटीएम कार्ड बदलकर 73 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो साल से फरार आरोपी अराफात उर्फ इरफान उर्फ इरफात निवासी रनियाला खुर्द, थाना उटावड़, जिला पलवल (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में उसका साथी अशफाक पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके गिरोह की अन्य वारदातों का पता लगा रही है।

भिवाड़ी थाना एसएचओ सचिन शर्मा ने बताया कि तीन अप्रैल 2024 को बिहार के सारण जिले के मूल निवासी और वर्तमान में भिवाड़ी के सांथलका स्थित बिमला कॉलोनी में रहने वाले चंद्रेश्वर प्रसाद रामपुरा स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। उसी दौरान पहले से मौजूद आरोपी ने उन्हें यह कहकर बातों में उलझा लिया कि उनका एटीएम कार्ड सही तरीके से काम नहीं कर रहा और उसे “डिलीट” करना होगा। आरोपी ने मदद करने के बहाने पीड़ित का एटीएम कार्ड बदल दिया और चालाकी से उसका पिन भी जान लिया। इसके बाद एचडीएफसी बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 73 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर भिवाड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान एक आरोपी अशफाक को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी अराफात लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ चौपानकी थाना में आर्म्स एक्ट, जबकि गुरुग्राम के सेक्टर-53 और खेड़की दौला थाना क्षेत्रों में चोरी और एटीएम कार्ड बदलकर ठगी के मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने राजस्थान, हरियाणा और एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

ऐसे बनाते थे लोगों को शिकार

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके साथी एटीएम के बाहर ऐसे लोगों पर नजर रखते थे जिन्हें एटीएम चलाने में परेशानी होती थी। वे मशीन खराब होने या कार्ड में तकनीकी दिक्कत का बहाना बनाकर उनका विश्वास जीतते, फिर एटीएम पिन देख लेते और मौका मिलते ही कार्ड बदल देते थे। बाद में उसी कार्ड का इस्तेमाल कर खाते से नकदी निकाल ली जाती थी।

भिवाड़ी पुलिस की सलाह

भिवाड़ी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय किसी भी अनजान व्यक्ति की मदद न लें। अपना एटीएम पिन किसी के सामने दर्ज न करें और किसी भी परिस्थिति में अपना एटीएम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को न दें। यदि एटीएम पर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस या संबंधित बैंक को सूचना दें।

AI Generated Pics

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 2
Users Today : 178
Total Users : 4575928
Views Today : 222
Total views : 4596789
Read More