
Education@ncrkhabar. com-Bhiwadi.संत जेवियर स्कूल, भिवाड़ी में ‘नन्हे दिलों का पालन-पोषण’ विषय पर सकारात्मक पालन-पोषण (Positive Parenting Program) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों के भावनात्मक, सामाजिक और नैतिक विकास के लिए प्रभावी पेरेंटिंग के महत्व से अवगत कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत अभिभावकों का पारंपरिक तिलक एवं पुष्प भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। बालवाटिका-3 बी के छात्र मानस तिवारी ने स्वागत भाषण देकर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जुगल किंडो ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अनुशासन, संस्कार और माता-पिता की सकारात्मक भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ संवाद, विश्वास और नैतिक मूल्यों पर आधारित वातावरण विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अध्यापिका वर्षा बधान और नीतू शर्मा ने प्रभावी पेरेंटिंग के तीन प्रमुख आधार—सहानुभूति, धैर्य और रचनात्मकता—पर विस्तार से चर्चा की। वहीं रीना टोप्पो, प्रीति सेंगर और निधि शुक्ला ने भी बच्चों के समग्र विकास और सकारात्मक पारिवारिक माहौल की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए।
अध्यापिका दिव्या झा ने विद्यालय के नियम एवं दिशानिर्देशों की जानकारी देते हुए ‘युवा मनों का मार्गदर्शन’ विषय पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि रचनात्मक शिक्षा और अनुशासित वातावरण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
इस अवसर पर सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालवाटिका के विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बालवाटिका समन्वयक सिस्टर आरसी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में अध्यापिका ममता सिंह ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



