भिवाड़ी में बारिश के बाद सड़कों पर बहा काला पानी, लोगों को आवागमन में हुई भारी परेशानी

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi. कस्बे में मंगलवार को हुई हल्की बारिश ने एक बार फिर भिवाड़ी शहर और औद्योगिक क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कुछ ही देर की वर्षा के बाद औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर काले रंग का गंदा पानी बहने लगा। पार्श्वनाथ मॉल से चैंपियन चौक, रिलेक्सो चौक, हरचंदपुर सहित कई इलाकों में सड़कें नालों में तब्दील हो गईं। सड़क पर बहते काले पानी से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भिवाड़ी में थोड़ी सी बारिश होते ही सड़कों पर गंदे पानी का सैलाब आ जाता है। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है, जबकि कई जगह सड़क और गड्ढों का अंदाजा नहीं लगने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। बारिश के दौरान औद्योगिक क्षेत्र के अलावा अलवर बाईपास, भगत सिंह कॉलोनी तथा शहर के अन्य निचले इलाकों में भी हालात गंभीर हो जाते हैं। इन क्षेत्रों में पैदल चलना और वाहन निकालना जोखिम भरा हो जाता है।

जानकारी के अनुसार रीको की ओर से औद्योगिक क्षेत्र में नए नाले का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते कई स्थानों पर पुराने नालों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इससे वर्षा का पानी समय पर नहीं निकल पाता और सड़कों पर भरकर बहने लगता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं होता, तब तक वैकल्पिक जल निकासी की व्यवस्था की जानी चाहिए। बारिश के बाद सड़कों पर बह रहे काले पानी को लेकर राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (आरएसपीसीबी) ने भी संज्ञान लिया है। मंडल की ओर से पार्श्वनाथ मॉल से चैंपियन चौक जाने वाले मार्ग पर पानी के नमूने लेकर जांच कराई जाएगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि सड़कों पर बह रहा पानी घरेलू सीवरेज का है या उद्योगों से निकलने वाले अपशिष्ट का।

अमित जुयाल, क्षेत्रीय अधिकारी, आरएसपीसीबी भिवाड़ी ने बताया, “औद्योगिक क्षेत्र में पार्श्वनाथ मॉल से चैंपियन चौक जाने वाले मार्ग पर पानी के नमूने लेकर जांच करवाई जाएगी, जिससे यह पता चल सके कि यह घरेलू पानी है या उद्योगों का।”

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 5 7 3
Users Today : 323
Total Users : 4565735
Views Today : 372
Total views : 4582759
Read More