NCR Sports News : भिवाड़ी के मानव कृष्ण का फिर भारतीय U-19 टीम में चयन, अगले माह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज में दिखाएंगे दम

SHARE:

Ncrkhabar@Bhiwadi/New Delhi.भिवाड़ी के युवा क्रिकेटर मानव कृष्ण का एक बार फिर भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ होने वाली मल्टी-डे सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में मानव को विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में जगह मिली है। मानव इससे पहले जुलाई 2026 में श्रीलंका दौरे पर भी भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं। श्रीलंका अंडर-19 के खिलाफ अपने डेब्यू इंटरनेशनल मैच में मानव कृष्ण ने 100 रन का शानदार शतक लगाया था। इसके बाद घरेलू क्रिकेट और कूच बिहार ट्रॉफी में उनके दमदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। कूच बिहार ट्रॉफी में मानव ने कुल 592 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ 189 रन और हैदराबाद के खिलाफ 144 रन की शानदार पारियां खेलीं।

महेंद्र सिंह धोनी को मानते हैं आदर्श

दाएं हाथ के बल्लेबाज और विकेटकीपर मानव कृष्ण भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अपना आदर्श मानते हैं। विकेटकीपिंग के साथ आक्रामक बल्लेबाजी उनकी प्रमुख खूबियों में शामिल है। श्रीलंका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक से शुरुआत करने के बाद अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके प्रदर्शन पर भिवाड़ी के क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहेगी।

भिवाड़ी में निखरी मानव की क्रिकेट प्रतिभा

मानव कृष्ण का परिवार वर्तमान में कासमास सोसायटी, भिवाड़ी में रहता है। मूल रूप से केरल के तिरुवनंतपुरम निवासी मानव के पिता गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। मानव वर्ष 2017 से डीसीए क्रिकेट अकादमी, भिवाड़ी में कोच अरविंद यादव के मार्गदर्शन में क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रहे हैं।

मानव ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत तिरुवनंतपुरम जिला क्रिकेट टीम से की थी। शानदार प्रदर्शन के बाद उनका चयन केरल की राज्य टीम में हुआ। उन्होंने केरल अंडर-19 टीम की कप्तानी भी की। मानव ने अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में केरल का प्रतिनिधित्व किया और अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी में टीम की कमान संभाली। इस वर्ष उन्होंने केरल की ओर से गोवा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में पदार्पण भी किया है।

ऑस्ट्रेलिया U-19 के खिलाफ सीरीज का शेड्यूल

भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के बीच तीन वनडे मुकाबले राजकोट में खेले जाएंगे। पहला वनडे 18 सितंबर, दूसरा 21 सितंबर और तीसरा 23 सितंबर 2026 को होगा। सभी वनडे मुकाबले सुबह नौ बजे शुरू होंगे। इसके बाद पहला मल्टी-डे मुकाबला 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में और दूसरा मल्टी-डे मुकाबला 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद बी ग्राउंड में खेला जाएगा। दोनों मल्टी-डे मुकाबले सुबह 9:30 बजे शुरू होंगे। मानव कृष्ण के लगातार दूसरी अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए भारतीय अंडर-19 टीम में चयन से भिवाड़ी के खेल प्रेमियों में उत्साह है। कोच अरविंद यादव ने मानव को अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी बताते हुए उम्मीद जताई कि वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 2 6 9
Users Today : 15
Total Users : 4572698
Views Today : 16
Total views : 4592215
Read More