Bhiwadi News : DGP ने सीएलजी सदस्यों से किया संवाद, साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूकता पर दिया जोर

SHARE:

Ncrkhabar@Bhiwadi.पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को युवा सीएलजी सदस्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्थान पुलिस महानिदेशक और जयपुर रेंज महानिरीक्षक के निर्देशानुसार हुए इस कार्यक्रम में भिवाड़ी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, थानाधिकारी और विभिन्न थाना क्षेत्रों से जुड़े युवा सीएलजी सदस्य शामिल हुए।पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी बृजेश उपाध्याय के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमन लाल मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसआईयूसीएडब्ल्यू सेल किशोर कुमार बुटोलिया, वृताधिकारी भिवाड़ी लक्ष्मी सुथार सहित थानाधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न थाना क्षेत्रों के युवा सीएलजी सदस्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े।

युवाओं को बताया पुलिस-जन सहयोग का मजबूत सेतु

संवाद के दौरान पुलिस महानिदेशक ने कहा कि युवा वर्ग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। युवा सीएलजी सदस्य अपने क्षेत्र में पुलिस और आमजन के बीच मजबूत सेतु बनकर अपराध की रोकथाम और सुरक्षित वातावरण तैयार करने में सहयोग कर सकते हैं।

साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूकता

कार्यक्रम में साइबर अपराध, मादक पदार्थों की रोकथाम, संगठित अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई। नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए सामुदायिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

महिला और बाल सुरक्षा पर विशेष जोर

संवाद में महिला एवं बाल सुरक्षा को भी प्रमुखता से रखा गया। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से सुरक्षा संबंधी मामलों में सक्रिय सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

सीएलजी सदस्यों से लिए सुझाव और समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान युवा सीएलजी सदस्यों से उनके क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं और सुरक्षा से संबंधित सुझाव भी लिए गए। पुलिस की ओर से कहा गया कि आमजन के सहयोग और बेहतर संवाद से अपराध की रोकथाम को और प्रभावी बनाया जा सकता है।भिवाड़ी पुलिस ने अपील की कि नागरिक अपराध की रोकथाम और सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 2 7 9
Users Today : 58
Total Users : 4572793
Views Today : 93
Total views : 4592376
Read More