भिवाड़ी नगर परिषद चुनाव 2026: जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने 9 मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

SHARE:

Ncrkhabar@Bhiwadi.नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने मतदान की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने मंगलवार को नगर परिषद भिवाड़ी क्षेत्र का दौरा कर 9 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने भिवाड़ी क्षेत्र के घटाल, खिजरपुर, हरचंदपुर और सांथलका स्थित राजकीय विद्यालयों में बनाए गए 9 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

ईवीएम और निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा पर जोर

अतुल प्रकाश ने मतदान दलों को संबोधित करते हुए कहा कि ईवीएम और निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मतदान दल मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद ईवीएम सहित अन्य निर्वाचन सामग्री को सुरक्षित रखें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

उन्होंने मतदान कार्मिकों से राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश भी दिए।

शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस की पुख्ता व्यवस्था

जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने मतदान दलों को सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में मतदान कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। एसपी ने मतदान दलों को सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा निर्भीक होकर निर्वाचन दायित्व निभाने के निर्देश दिए। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय,  विशेष अधिकारी कार्यालय जिला निर्वाचन अधिकारी ऐश्वर्यम प्रजापत, आरओ भिवाड़ी सुमित्रा मिश्र, आरओ टपूकड़ा कृष्ण यादव, नगर परिषद आयुक्त सुरेश मीणा सहित संबंधित अधिकारी और मतदान दलों के कार्मिक मौजूद रहे।

 

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 2 9 2
Users Today : 58
Total Users : 4572920
Views Today : 94
Total views : 4592619
Read More