
ncrkhabar@Bhiwadi. नगर परिषद भिवाड़ी की पहली साधारण सभा की बैठक सोमवार को सभापति डॉ. गुंजन खटाना की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत किया गया। इसके बाद भिवाड़ी की सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और वार्डों में विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। बैठक में तिजारा विधायक महंत बालकनाथ, उपसभापति सुभिक्षा, आयुक्त सुरेश मीणा, पार्षद अमित नाहटा, सूबे सिंह भिदुड़ी, हवा सिंह दायमा, मोहन भिदुड़ी, पवन खानपुरिया सहित अन्य पार्षद और अधिकारी मौजूद थे। पार्षद अमित नाहटा ने खराब हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराने सहित अन्य समस्याओं को उठाकर उनके समाधान की मांग की। पार्षद मोहन भिदुड़ी ने ग्रामीण क्षेत्र के वार्डों में स्ट्रीट लाइट बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र के वार्डों में पहले से लाइट लगी हैं जबकि ग्रामीण क्षेत्र के वार्डों में इसका अभाव था। इसलिए अब ग्रामीण क्षेत्र के वार्डों में लाइटों की संख्या 25 से ज्यादा बढ़ाई जाए।
पांच साल में सफाई व्यवस्था पर खर्च होंगे 124 करोड़ रुपए
बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर बताया गया कि नगर परिषद ने पांच साल के लिए करीब 124 करोड़ रुपये का टेंडर किया है। शुरुआत में तीन साल के लिए कार्य दिया जाएगा, जिसे आगे दो साल बढ़ाया जा सकेगा। इसमें कुछ फंड बीड़ा की ओर से दिया जाएगा। हाउसिंग बोर्ड के नगर परिषद को हस्तांतरित सेक्टरों में सफाई की जिम्मेदारी भी नगर परिषद संभालेगी। यहां डोर-टू-डोर सफाई व्यवस्था लागू की जाएगी। वहीं आवासन मंडल और रीको अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था कराएंगे। पार्षदों ने सफाई व्यवस्था का टेंडर एक साल के लिए करने की मांग रखी। इस पर आयुक्त सुरेश मीणा ने कहा कि बड़ी कंपनियों को मशीनरी और अन्य संसाधनों में निवेश करना होगा, इसलिए एक साल का टेंडर व्यावहारिक नहीं है। सफाई व्यवस्था के लिए आठ ट्रैक्टर और दो स्वीपिंग मशीन ली गई हैं। करीब 245 किलोमीटर नालों की सफाई कराई जाएगी। एक मीटर से अधिक गहरे नालों की साल में तीन बार सफाई कराई जाएगी।
दिवाली से पहले होगा स्ट्रीट लाइट का टेंडर
बैठक में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। बीड़ा की ओर से अलवर बाईपास की स्ट्रीट लाइट नगर परिषद को हस्तांतरित की जाएगी। इसके बाद नगर परिषद टेंडर जारी करेगी। दिवाली से पहले टेंडर जारी करने की बात कही गई। पार्षद अमित नाहटा ने खराब हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराने की मांग रखी।
सभी 60 वार्डों का होगा समुचित विकास
तिजारा विधायक महंत बालकनाथ ने सभी जनप्रतिनिधियों से मिलकर भिवाड़ी के सभी 60 वार्डों के विकास में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वार्ड पार्षदों का क्षेत्र के लोगों से सीधा संपर्क रहता है और उन्हें अपने वार्ड की समस्याओं की बेहतर जानकारी होती है। उन्होंने कहा कि पार्षदों के सहयोग से विकास कार्यों के बेहतर परिणाम सामने आएंगे।
विधायक ने विकास कार्यों में गुणवत्ता को लेकर कहा कि पिछले छह माह में दो ठेकेदारों की 50 प्रतिशत से अधिक धनराशि काटी गई है। ठेकेदारों को जितना काम किया गया, उतना ही भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि जो जितना काम करेगा, उतना ही भुगतान किया जाएगा। विधायक के अनुसार एसटीपी बनाने वाली एलएंडटी कंपनी पर करीब सवा दो करोड़ रुपये की पेनल्टी लगाई गई है।
वार्डों में विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे
बैठक में वार्डों में विकास कार्यों को लेकर पार्षदों से अपने प्रस्ताव सभापति और आयुक्त को लिखित में देने के लिए कहा गया। पार्षद पवन खानपुरिया ने अपने वार्ड में पेयजल समस्या का मुद्दा उठाया।सभापति डॉ. गुंजन खटाना ने कहा कि स्ट्रीट लाइट ठीक कराने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सफाई कर्मचारियों की सुबह और शाम हाजिरी सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने वार्ड की समस्याओं की जानकारी नगर परिषद को देने को कहा।



Users Today : 27
Total Users : 4579250
Views Today : 30
Total views : 4600932



