

ncrkhabar@Bhiwadi.किसानों के लिए यूरिया की उपलब्धता के बीच भिवाड़ी में संदिग्ध नीम कोटेड यूरिया के अवैध परिवहन का मामला सामने आया है। भिवाड़ी फेज तृतीय थाना पुलिस ने रिलेक्सो चौक से सांथलका औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले मार्ग पर एक मिनी ट्रक को पकड़ा। कृषि विभाग की जांच में ट्रक से बिना मार्का के 300 बैग संदिग्ध यूरिया बरामद हुआ। इनका कुल वजन करीब 13.18 मीट्रिक टन बताया गया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि रिलेक्सो चौक से सांथलका औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले रास्ते पर एक बंद कंटेनर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मिनी ट्रक संख्या HR 55 AH 1268 की जांच की। वाहन में रंग-बिरंगे 300 कट्टे मिले। जांच के दौरान उर्वरक से संबंधित ई-वे बिल या अन्य कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। वाहन चालक भी मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने मिनी ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा कराया।
कृषि विभाग की टीम ने लिए यूरिया के नमूने
सूचना मिलने पर सहायक निदेशक कृषि किशनगढ़बास विश्राम मीणा, कृषि अधिकारी अंकित कुमार, विष्णु चौधरी, उर्वरक निरीक्षक और कृषि अधिकारी पूरण यादव मौके पर पहुंचे। टीम ने वाहन और उसमें रखे उर्वरक की जांच की तथा संदिग्ध यूरिया के नमूने लिए।
कृषि विभाग ने 300 बैग यूरिया को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा के लिए ग्राम सेवा सहकारी समिति ततारपुर को सुपुर्द कर दिया। जब्त मिनी ट्रक को भी पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज
कृषि विभाग की ओर से वाहन मालिक जयपाल पुत्र कंवर पाल निवासी धारूहेड़ा, रेवाड़ी, हरियाणा के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 और उर्वरक नियंत्रण आदेश (FCO) 1985 के प्रावधानों के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया है। भिवाड़ी फेज तृतीय थाना एसएचओ विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध यूरिया कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि ट्रक में ईवे बिल या अन्य कोई दस्तावेज नहीं मिला है।


Users Today : 27
Total Users : 4579250
Views Today : 30
Total views : 4600932



