भिवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई : नागौर पशु मेले से उंट खरीदकर तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

crime@ncrkhabar.com-Bhiwadi. भिवाड़ी पुलिस ने नागौर जिले के चाढ़ी पशु मेले से सस्ते दामों पर उंट खरीदकर उनका वध कर मांस बेचने के उद्देश्य से हरियाणा ले जाए जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार उंट मुक्त कराए हैं, जबकि तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की पिकअप गाड़ी को जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल सदर थाना क्षेत्र के शेखपुरा निवासी मुकेश कुमार सैनी तथा नसीबपुर निवासी विक्रम पुत्र महेंद्र भाट के रूप में हुई है। टपूकड़ा थाना एसएचओ मुकेश कुमार ने बताया कि कांस्टेबल संदीप को सूचना मिली थी कि चाढ़ी (नागौर) पशु मेले से कुछ लोग उंटों को सस्ते दामों पर खरीदकर पिकअप वाहनों में भरकर हरियाणा ले जाते हैं, जहां उनका अवैध रूप से वध कर मांस बेचा जाता है। सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा निगरानी शुरू की गई। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि उंटों से भरी एक पिकअप टपूकड़ा होते हुए हरियाणा की ओर जा रही है। इस पर नूंह रोड पर पुलिस जाप्ते द्वारा नाकाबंदी की गई। जांच के दौरान बिना नंबर की पिकअप को रुकवाया गया, जिसमें केबिन में दो व्यक्ति सवार थे तथा पीछे चार उंटों को क्रूरतापूर्वक चारों पैर और मुंह बांधकर भरा गया था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उंटों को चाढ़ी पशु मेले से खरीदकर मेवात क्षेत्र में वध कर मांस बेचने वालों को सप्लाई करने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों उंटों को मुक्त कराया और उनकी देखभाल के लिए तिजारा गौशाला भिजवाया। टपूकड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

नागौर पशु मेले से लाए गए उंटों से भरी पिकअप, जिसे पुलिस ने जब्त किया।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 4 3 0
Users Today : 244
Total Users : 4584302
Views Today : 321
Total views : 4608437
Read More