


ncrkhabar@Bhiwadi.भिवाड़ी थाना पुलिस ने सेंट्रल मार्केट में एक व्यक्ति से मोबाइल छीनने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के दिन ही दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से छीना गया मोबाइल भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रेवाड़ी निवासी रवि यादव और धारूहेड़ा निवासी विवेक जटिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपित कंपनियों, कॉलोनियों और बाजारों के आसपास रेकी कर पैदल आने-जाने वाले श्रमिकों को निशाना बनाते थे।
थानाधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि मालपुरा, धारूहेड़ा निवासी बबलू कुमार ने मंगलवार को भिवाड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह किसी काम से भिवाड़ी आए थे। सुबह करीब छह बजे सेंट्रल मार्केट पहुंचने पर मोटरसाइकिल सवार दो युवक उनके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय के निर्देश पर थानाधिकारी सचिन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र व तकनीकी संसाधनों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद पुलिस ने झज्जर चौक, रेवाड़ी निवासी रवि यादव और भीम बस्ती, धारूहेड़ा निवासी विवेक जटिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल भी बरामद किया। अनुसंधान के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
श्रमिकों को निशाना बनाकर करते थे वारदात
पुलिस के अनुसार, आरोपित कंपनियों, कॉलोनियों और बाजारों के आसपास रेकी करते थे। वे विशेष रूप से कंपनियों में छुट्टी के समय पैदल जाने वाले श्रमिकों को निशाना बनाते थे। वारदात के बाद छीने गए मोबाइल बाहरी लोगों को सस्ते दामों पर बेच देते थे। पुलिस अब छीने गए मोबाइल खरीदने वालों के संबंध में भी जांच कर रही है, ताकि इस तरह की वारदातों में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
मोबाइल और चेन स्नैचिंग रोकने के लिए बढ़ाई गश्त
पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने बताया कि औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में बड़ी संख्या में श्रमिक और कर्मचारी प्रतिदिन पैदल कंपनियों, बाजारों व कॉलोनियों के बीच आवागमन करते हैं। ऐसे में मोबाइल और चेन स्नैचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कंपनियों में शिफ्ट बदलने और छुट्टी के समय, बाजारों, कॉलोनियों तथा प्रमुख चौराहों पर पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। इसके साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की टीमें भी तैनात की गई हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, साइबर टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि राह चलते आमजन, विशेषकर श्रमिकों के साथ होने वाली स्नैचिंग की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है। ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में विशेष भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

Users Today : 247
Total Users : 4581095
Views Today : 595
Total views : 4603839


