

Crime@ncrkhabar.com)/Bhiwadi. राजस्थान के भिवाड़ी कस्बे में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने जीजा के साथ मिलकर अपने पति की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या का कारण घरेलू विवाद और अवैध संबंध बताया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह सनसनीखेज घटना सांथलका गांव की संतरा कॉलोनी में हुई है।
घरेलू विवाद बना खौफनाक हत्या की वजह
मृतक की पहचान गुड्डू राय (35 वर्ष) निवासी सोनवर्षा, थाना बिहपुर, जिला भागलपुर (बिहार) के रूप में हुई है। वह करीब पंद्रह दिन पहले अपनी पत्नी बॉबी के साथ भिवाड़ी आया था और किराए के मकान में रहने लगा था। पड़ोस के कमरे में ही पत्नी का जीजा अनुज चौधरी भी रहता था।
सूत्रों के मुताबिक, मृतक बीमार होने की वजह से काम पर नहीं जा रहा था जबकि उसकी पत्नी फैक्ट्री में नौकरी कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। इसी दौरान बॉबी और अनुज चौधरी के बीच अवैध संबंध बन गए। दोनों ने मिलकर गुड्डू राय की हत्या की साजिश रच डाली।
बदबू से खुला राज, कमरे में मिला शव
भिवाड़ी एसपी प्रशांत किरण ने बताया कि मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि संतरा कॉलोनी के एक कमरे से तेज बदबू आ रही है और दरवाजा बाहर से बंद है। मकान मालिक की मौजूदगी में पुलिस ने ताला तोड़ा तो अंदर से गुड्डू राय का शव बरामद हुआ।
गले और चेहरे पर चोट व नीलगिरी के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने मौके पर एफएसएल व एमओबी टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
सीसीटीवी फुटेज से फंसे आरोपी
मकान मालिक और पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि दंपत्ति के बीच अक्सर झगड़े होते थे और उन्हें मकान खाली करने की चेतावनी भी दी गई थी। इस सुराग पर पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें पत्नी और जीजा की संदिग्ध गतिविधियाँ सामने आईं। दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर रस्सी से गुड्डू राय का गला घोंटकर हत्या की और कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए। भिवाड़ी पुलिस ने आरोपी पत्नी बॉबी और उसके जीजा अनुज चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि यह हत्या पूरी तरह से घरेलू विवाद और अवैध संबंध के चलते की गई है।

Users Today : 200
Total Users : 4575950
Views Today : 247
Total views : 4596814



