

संतरा कॉलोनी में किराए के कमरे से मिला गुड्डू का शव, शरीर पर गहरी चोटों के निशान, पुलिस कर रही है फरार पत्नी व जीजा की तलाश
Crime@ncrkhabar.com/Bhiwadi. भिवाड़ी की संतरा कॉलोनी में हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। 35 वर्षीय गुड्डू नामक युवक का शव उसके किराए के कमरे से बरामद हुआ। मृतक मूल रूप से बिहार के जहाजपुर जिले का रहने वाला था और करीब 15 दिन पहले ही अपनी पत्नी बॉबी के साथ भिवाड़ी में आकर रहने लगा था। घटना के बाद से मृतक की पत्नी और कॉलोनी में ही रहने वाला उसका जीजा अनुज चौधरी मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
कैसे हुआ खुलासा?
कॉलोनी की मालकिन संतरा देवी ने बताया कि गुड्डू और उसकी पत्नी 15 दिन पहले ही उनके मकान में किराए पर रहने आए थे। उनके बगल वाले कमरे में बॉबी का जीजा अनुज चौधरी भी रहता था, जो घटना के दिन सुबह से ही गायब है। मंगलवार सुबह बॉबी ने कॉलोनी में मौजूद लोगों से कहा कि उसका पति बीमार है और अस्पताल में भर्ती है, इसी बहाने वह कमरे का बाहर से ताला लगाकर चली गई। शाम को जब ताला खोला गया तो अंदर गुड्डू का शव पड़ा मिला।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और FSL टीम
सूचना मिलते ही यूआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की घेराबंदी कर जांच शुरू की। देर शाम करीब 8 बजे अलवर से एफएसएल (FSL) टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं, गर्दन पर गहरी चोट है और चेहरे की चमड़ी भी उतरी हुई पाई गई, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई है।
पुलिस की कार्रवाई
भिवाड़ी फेज थर्ड एसएचओ सत्यनारायण ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 6 बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू भी मौके पर पहुंचे और जांच की। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मृतक की पत्नी बॉबी और उसके जीजा अनुज चौधरी की तलाश शुरू कर दी है।
इलाके में सनसनी
इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि मृतक और उसके परिवार के बारे में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं थी क्योंकि वे हाल ही में यहां रहने आए थे। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Users Today : 191
Total Users : 4575941
Views Today : 237
Total views : 4596804



