

भिवाड़ी। अलवर बायपास और भगतसिंह कॉलोनी क्षेत्र में जलभराव ने पिछले दो साल से लोगों का जीना दूभर कर रखा है। बरसात के मौसम में सड़कें और कॉलोनियां तालाब में बदल जाती हैं, नालों का गंदा पानी घरों-दुकानों तक घुस जाता है और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोग रोजाना इस समस्या से परेशान हैं, लेकिन प्रशासन अब तक ठोस समाधान निकालने में नाकाम साबित हुआ है। अधिकारियों की ओर से बार-बार सिर्फ वेदांता नगर में बन रहे 34 एमएलडी एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का हवाला देकर जिम्मेदारी टाल दी जा रही है।
पुराना एसटीपी बना मुसीबत, खुले नाले में छोड़ रहे गंदा पानी
नगर परिषद क्षेत्र के वसुंधरा नगर और राजस्थान आवासन मंडल के पास बने पुराने एसटीपी की स्थिति बेहद खराब है। इसकी क्षमता से ज्यादा लोड होने और तकनीकी खामियों के चलते यहां गंदे पानी का शोधन सही ढंग से नहीं हो पा रहा। नतीजतन, यह अपशिष्ट सीधे खुले नालों में छोड़ा जा रहा है। खुले नालों में गंदा पानी न सिर्फ प्रदूषण फैला रहा है, बल्कि आसपास की बस्तियों और कॉलोनियों में जलभराव की समस्या को और गंभीर बना रहा है। बावजूद इसके, पिछले दो साल में प्रशासन ने न तो मौजूदा व्यवस्था को दुरुस्त किया और न ही कोई वैकल्पिक योजना लागू की
आरएसपीबी चेयरमैन ने दिए निर्देश
राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (आरएसपीबी) के चेयरमैन रविकुमार सुरपुर ने हाल ही में भिवाड़ी दौरे के दौरान कहा कि जलभराव और गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान खोजा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि दिसंबर तक नया 34 एमएलडी एसटीपी शुरू कर दिया जाएगा। चेयरमैन ने औद्योगिक क्षेत्रों और सीईटीपी का निरीक्षण कर उद्योगों से निकलने वाले गंदे पानी के शोधन और स्लज के सुरक्षित निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में उद्योग जगत ने बताई समस्याएं
रीको रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में चेयरमैन सुरपुर ने उद्यमियों व संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। इस दौरान आरएसपीसीबी की आरओ अमित जुयाल, सीईटीपी चेयरमैन सुरेंद्र सिंह चौहान, बीसीसीआई महासचिव केआर शर्मा, केकेआईए अध्यक्ष प्रदीप दायमा, राठी स्टील के ऋषि कुमार शर्मा सहित कई उद्यमी व संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और गंदे पानी के प्रभावी प्रबंधन को लेकर सुझाव और आवश्यक निर्देश दिए गए।



Users Today : 194
Total Users : 4575944
Views Today : 241
Total views : 4596808



