भिवाड़ी में प्रदूषण नियंत्रण मंडल अध्यक्ष का उद्योगों से संवाद : पर्यावरण संरक्षण व औद्योगिक विकास में बनाएं संतुलन: आरएसपीसीबी चेयरमैन

SHARE:

​

ncrkhabar@Bhiwadi (Rajastjan): राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (RSPCB) के अध्यक्ष, डॉ. रवि कुमार सुरपुर ने मंगलवार को भिवाड़ी का दौरा किया और औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण और औद्योगिक विकास के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार उद्योगों की समस्याओं के समाधान और सतत औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
​डॉ. सुरपुर ने अपने दौरे की शुरुआत भिवाड़ी मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन (BMA) के नेतृत्व में संचालित CETP (कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट), भिवाड़ी इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIDA) और नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निरीक्षण से की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इन संयंत्रों को निर्धारित पर्यावरणीय मानकों के अनुसार ही चलाया जाए। रीको रेस्ट हाउस भिवाड़ी में RSPCB चेयरमैन डॉ रवि कुमार सुरपुर का स्मृति चिन्ह भेंटकर बीएमए के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद सिंह चौहान व मानद सचिव जी एल स्वामी ने स्वागत किया।
​संवाद कार्यक्रम में भिवाड़ी के कई प्रमुख औद्योगिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जिनमें भिवाड़ी मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन (BMA), खुशखेड़ा-करोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती संघ, कहरानी ग्रीन ट्रीटर्स एसोसिएशन, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और रेजिडेंट वेलफेयर सोसायटी के सदस्य शामिल थे। इस दौरान, प्रतिनिधियों ने जलभराव, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और बायो-मेडिकल वेस्ट के निस्तारण जैसी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को डॉ. सुरपुर के सामने रखा।
​इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने विशेष रूप से बायो-मेडिकल वेस्ट के निस्तारण में आने वाली लागत और बार-कोडिंग व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. सुरपुर ने इन सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके समाधान के लिए सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने हाल ही में पेश किए गए बजट में शामिल पर्यावरणीय प्रावधानों जैसे जलवायु परिवर्तन उत्कृष्टता केंद्र, क्लीन एंड ग्रीन टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट सेंटर, और राजस्थान ग्रीन चैलेंज फंड के बारे में जानकारी दी।
​अपने संबोधन में, डॉ. सुरपुर ने सभी औद्योगिक इकाइयों से आग्रह किया कि वे पर्यावरणीय नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपशिष्ट उपचार संयंत्रों को सही मानकों के अनुरूप संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अवैध औद्योगिक इकाइयों पर नियंत्रण के लिए सामुदायिक निगरानी (कम्युनिटी मॉनिटरिंग) को बढ़ावा देना समय की मांग है। उन्होंने उद्योगों से सरकार के साथ मिलकर नवाचार और सतत विकास की दिशा में काम करने का आह्वान भी किया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय अधिकारी अमित जुयाल और अन्य मंडल अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।

रीको रेस्ट हाउस भिवाड़ी में RSPCB चेयरमैन डॉ रवि कुमार सुरपुर का स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत करते बीएमए के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद सिंह चौहान व मानद सचिव जी एल स्वामी।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More