
ncrkhabar@bhiwadi. हल्की बारिश भी भिवाड़ी शहर और आसपास के इलाकों में आफत लेकर आ रही है। रविवार से हो रही बारिश ने जहां गर्मी और उमस से राहत दी है, वहीं जलभराव की समस्या ने आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है। अलवर बायपास, भगत सिंह कॉलोनी, पार्श्वनाथ मॉल, बस स्टैंड और रिलेक्सो चौक जैसे प्रमुख इलाकों में पानी भर गया है। स्थिति यह है कि सड़कों पर निकलना और वाहनों का आवागमन दोनों ही चुनौतीपूर्ण हो गया है।
सड़कें जलमग्न, यातायात हुआ प्रभावित
अलवर बायपास तिराहे के पास हरियाणा सीमा पर बनाए गए रैंप के कारण यहां हर बार बारिश का पानी रुक जाता है। इससे वाहनों को निकलने में भारी दिक्कत होती है और जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। वाहन चालकों को मजबूरन भिवाड़ी मोड़ से कापड़ीवास चौक, खानपुर चौक और थड़ा मोड़ होकर धारूहेड़ा की ओर जाना पड़ता है।
कॉलोनियों और बाजारों में जलभराव
पार्श्वनाथ मॉल, बैंकों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और कार्यालयों के बाहर जमा पानी से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। कई कॉलोनियों में घरों के बाहर पानी जमा होने से बाजार तक पहुंचना भी लोगों के लिए परेशानी भरा हो गया है। तिजारा कस्बे में भी बारिश के बाद जलभराव और कीचड़ से हालात बिगड़ गए हैं।
सालों पुरानी समस्या, समाधान अधर में
भिवाड़ी में जलभराव की समस्या कोई नई नहीं है। हरियाणा और राजस्थान सरकार के बीच इस मुद्दे पर कई बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। प्रशासन बार-बार जल्द समाधान का दावा करता है, लेकिन जमीनी हकीकत में कोई बदलाव नहीं हुआ।
स्थानीय निवासियों का गुस्सा बढ़ा
कस्बे के निवासियों का कहना है कि सालों से शिकायतों और आश्वासनों के अलावा कुछ नहीं मिला। अब लोगों का भरोसा टूट चुका है और वे प्रशासनिक दावों को खोखला मानने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

Users Today : 198
Total Users : 4575948
Views Today : 245
Total views : 4596812



