

ncrkhabar.com-New Delhi.
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला अपने प्रेमी के साथ अब तक 10 बार घर छोड़कर भाग चुकी है। जब यह सिलसिला थमा नहीं तो अजीमनगर थाना क्षेत्र में पंचायत बुलाई गई।
पंचायत में महिला ने ऐसी अजीबोगरीब शर्त रख दी कि हर कोई दंग रह गया। उसने कहा कि वह अपना जीवन पति और प्रेमी दोनों के साथ बांटकर जीना चाहती है। प्रस्ताव यह था कि महीने में 15 दिन वह पति के पास और 15 दिन प्रेमी के साथ रहेगी।
पति ने किया साफ इनकार
महिला की यह डिमांड सुनकर पति ने पंचायत में हाथ खड़े कर दिए। उसने कहा कि अब वह पत्नी को स्वीकार नहीं करेगा। पति ने साफ कह दिया कि अगर पत्नी प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है तो हमेशा के लिए उसी के पास चली जाए।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, युवती की शादी लगभग डेढ़ साल पहले उसकी जाति के युवक से हुई थी। पति मजदूरी करने बाहर जाता था। इसी दौरान महिला की पहचान टांडा थाना इलाके के एक युवक से हुई और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। शादी के कुछ ही महीने बाद वह पहली बार प्रेमी संग भाग गई।
दसवीं बार फरार, फिर थाने पहुंचा मामला
पति और ग्रामीणों की मदद से महिला को कई बार वापस लाया गया, लेकिन वह हर बार फिर भाग जाती। आठ दिन पहले वह दसवीं बार प्रेमी संग फरार हो गई। इस पर पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला को बरामद कर परिवार को सौंप दिया। इसके बाद पंचायत में यह अजीबोगरीब शर्त सबके सामने आई।

Users Today : 98
Total Users : 4563212
Views Today : 113
Total views : 4579503



