ट्रोला में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचा चालक

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi. औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। भिवाड़ी से चौपानकी औद्योगिक क्षेत्र की ओर जा रहा एक ट्रोला अचानक आग की चपेट में आ गया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा और लपटें दूर से ही नजर आने लगीं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रोला जब कहरानी रेलवे पुलिया से आगे बढ़ा, तभी अचानक उसमें धुआं उठने लगा। चालक और परिचालक ने किसी तरह तुरंत ट्रोले को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि समय रहते चालक-परिचालक बाहर निकल गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

ट्रोला कांच की खाली बोतलों से भरा हुआ था। जैसे ही आग ने बोतलों वाले हिस्से को पकड़ा, उसमें जोरदार धमाकों की आवाजें आने लगीं। थोड़ी ही देर में आग ने पूरे ट्रोले को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में काला धुआं फैल गया और आसपास का इलाका धुएं से भर गया। राहगीर और स्थानीय लोग दहशत में आ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन तब तक ट्रोले का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

इस हादसे के चलते हाईवे पर कुछ देर के लिए लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को डायवर्ट कर व्यवस्था संभाली। वहीं, आगजनी की घटना को लेकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में वहां जुट गए और वीडियो बनाने लगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में रोजाना हजारों ट्रोले और भारी वाहन चलते हैं। ऐसे में वाहनों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

 

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 5
Users Today : 205
Total Users : 4575955
Views Today : 252
Total views : 4596819
Read More