BMA President Election 2025: सैकड़ों गाड़ियों के काफिले संग नामांकन दाखिल करने बीएमए पहुंचे मुकेश जैन,

SHARE:

 

Business@ncrkhabar.com-Bhiwadi. भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (Bhiwadi Manufacturers Association – BMA) अध्यक्ष पद के चुनाव में शुक्रवार को  उद्योगपति मुकेश जैन (Mukesh Jain) ने नामांकन दाखिल किया। रिलेक्सो चौक के पास स्थित चंद्रप्रभु इंडस्ट्रीज से उनका काफिला सैकड़ों गाड़ियों, ढोल-नगाड़ों और समर्थकों की नारेबाजी के बीच रवाना हुआ। काफिला जब BMA House पहुंचा तो माहौल उत्सव जैसा हो गया। समर्थकों ने नारे लगाते हुए जश्न मनाया और जैन के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया। शाम 4:35 मिनट पर मुकेश जैन ने निर्वाचन अधिकारी को नामांकन पत्र सौंपा। उनके प्रस्तावक बीएमए के पूर्व अध्यक्ष बृज मोहन मित्तल और उद्योगपति अमित नाहटा रहे।

 चुनावी माहौल में दिखा उत्साह

भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में BMA चुनाव को हमेशा अहम माना जाता है, क्योंकि यही संगठन सरकार और उद्योगों के बीच संवाद का सबसे बड़ा माध्यम है। इस बार चुनाव को लेकर और भी ज्यादा उत्साह है। मुकेश जैन के नामांकन के दौरान जिस तरह से समर्थकों का हुजूम और वाहनों का काफिला उमड़ा, उसने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।

 मुकेश जैन का विजन और घोषणा

नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में मुकेश जैन ने कहा कि भिवाड़ी का औद्योगिक विकास तभी संभव है जब सरकार और उद्योगों के बीच विश्वास और संवाद की मजबूत कड़ी बने। उन्होंने वादा किया कि अध्यक्ष बनने पर बीएमए में एक नियमित संवाद मंच (Regular Dialogue Platform) बनाया जाएगा। इस मंच पर रीको (RIICO), बिजली विभाग (Electricity Department) और राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ( Rajastjan State Pollution Control Board) के अधिकारियों के साथ उद्योगपतियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। जैन ने कहा कि उनकी प्राथमिकता उद्योगों की छोटी-बड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है।

उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीतियों के मसौदे पर भी उद्योगपतियों की राय सरकार तक पहुँचाई जाएगी। उनका कहना था—
“मैं सरकार और उद्योगों के बीच पुल की तरह काम करूंगा। जब संवाद सकारात्मक होगा तो विवाद कम होंगे और विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाएगी।”

बीएमए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया

बीएमए अध्यक्ष पद का चुनाव 15 सितंबर 2024 को होगा और मतदान के साथ ही उसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। इस बार कुल 1431 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 2 सितंबर शाम 4:30 बजे तक तय की गई है, जबकि अंतिम सूची उसी दिन शाम 5 बजे तक जारी कर दी जाएगी।

क्यों अहम है यह चुनाव

भिवाड़ी राजस्थान सहित देश का एक प्रमुख औद्योगिक हब है। यहां छोटे-बड़े हजारों उद्योग हैं, जिनमें लाखों श्रमिक काम करते हैं। बीएमए उद्योगों की समस्याओं को सरकार तक पहुँचाने और नीतिगत सुधारों में अहम भूमिका निभाता है। यही कारण है कि हर बार बीएमए चुनाव स्थानीय उद्योगपतियों और निवेशकों के लिए बड़ी खबर बन जाते हैं।

 

Leave a Comment

Our Visitor

1 5 3 8 3 0
Users Today : 44
Total Users : 153830
Views Today : 51
Views This Year : 70605
Total views : 243025
Read More