बलिया (यूपी) के भाजपा नेता व बजाज एजेंसी के मालिक व उनके साथी की हत्या के छह ईनामी आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बोलेरो गाड़ी जब्त

SHARE:

Crime@ncrkhabar.com-Bhiwadi. कोटपूतली-बहरोड़ जिले की शाहजहांपुर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए रची गई एक सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बलिया (उत्तर प्रदेश) के भाजपा नेता और व्यापारी अशोक कुमार सिंह तथा उनके साथी विकास मिस्त्री की हत्या के आरोप में छह ईनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन पर कुल ₹1.10 लाख का इनाम घोषित था। आरोपियों ने दोनों को जनरेटर बेचने के बहाने राजस्थान बुलाया, फिर 7 लाख रुपये की निकासी करने के बाद बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी और शवों को दो अलग-अलग कुओं में फेंक दिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो गाड़ी भी जब्त कर ली है।

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने बताया कि 23 सितंबर को शाहजहांपुर थाना इलाके में दो अलग-अलग कुओं से अशोक कुमार सिंह और उनके साथी विकास मिस्त्री के शव बरामद हुए थे। डबल मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराना शालिनी राज और वृताधिकारी सचिन शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी मनोहरलाल के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया। टीमों ने राजस्थान से लेकर एनसीआर तक दबिश देकर आरोपियों को धर दबोचा।

इस तरह रची गई लूट व हत्या की साजिश

मृतक अशोक कुमार सिंह बलिया में बजाज कंपनी का शोरूम चलाते थे और उन्हें जनरेटर की आवश्यकता थी। सोशल मीडिया पर जनरेटर बेचने का विज्ञापन देखकर उन्होंने और उनके साथी विकास मिस्त्री ने संपर्क किया। आरोपियों ने 19 सितंबर को उन्हें जयपुर और 20 सितंबर को नारनौल बुलाया। नारनौल से मंजीत और नितिन बोलेरो गाड़ी में दोनों को बैठाकर ले गए, जहां राजस्थान-हरियाणा सीमा पर अन्य आरोपी उनसे मिले।दोनों को बंधक बनाकर जखराना की पहाड़ियों में ले जाया गया और बैंक खातों से रुपये निकलवाने के लिए दबाव बनाया गया। व्यापारी अशोक कुमार सिंह के मोबाइल और एटीएम कार्ड लेकर साथियों को गुरुग्राम भेजा गया, जहां से करीब ₹7 लाख की निकासी की गई। जब व्यापारी ने अन्य खातों का पासवर्ड और यूजर आईडी देने से इंकार किया तो आरोपियों ने 20 और 21 सितंबर की रात ढाई से तीन बजे के बीच दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए शवों को शाहजहांपुर इलाके में अलग-अलग कुओं में फेंक दिया गया।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार आरोपी अजीत यादव उर्फ दाना बहरोड़ सदर थाना का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ 9 मुकदमे दर्ज हैं। इन्द्रजीत यादव उर्फ कोतवाल के खिलाफ भी बहरोड़ और मांढण थाने में 9 गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। राकेश यादव पर 4 और मंजीत यादव पर नारनौल थाने में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य फरार बदमाशों की तलाश कर रही है।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 4
Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807
Read More