
ncrkhabar@Bhiwadi.कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर अलवर की बेटी कुमारी अंबिका सिंह राठौड़ ने राजस्थान न्यायिक सेवा (आरजेएस) परीक्षा में तीसरा स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है। अंबिका की उपलब्धि को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा उनका सम्मान किया गया।राजस्थान न्यायिक सेवा (आरजेएस) में चयनित होकर तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी अंबिका सिंह राठौड़ के सम्मान में उनके निवास पर स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षत्रिय समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने अंबिका सिंह और उनके परिजनों को बधाई दी तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। सम्मान समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अंबिका सिंह की यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अंबिका ने यह सिद्ध कर दिया है कि कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास और दृढ़ निश्चय से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। वक्ताओं ने विशेष रूप से कहा कि अंबिका की सफलता आने वाली पीढ़ी, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बनेगी। राज मोटर ड्राइविंग स्कूल, भिवाड़ी के संचालक एवं अंबिका सिंह के चाचा लाखन सिंह राठौड़ ने बताया कि अंबिका बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उनका सपना शुरू से ही न्यायिक सेवा में जाकर समाज और देश की सेवा करने का था। लक्ष्य प्राप्ति के लिए उन्होंने नियमित रूप से प्रतिदिन पंद्रह से सोलह घंटे तक अध्ययन किया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने कभी हार नहीं मानी और निरंतर मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि परिवार को अंबिका की इस सफलता पर गर्व है और पूरे समाज में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य नागरिकों ने अंबिका सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे न्यायिक सेवा में रहते हुए पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी तथा न्याय व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएंगी। समारोह के अंत में अंबिका सिंह ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता उनके माता-पिता, परिवारजनों और गुरुजनों के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य तय कर सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।


Users Today : 198
Total Users : 4575948
Views Today : 245
Total views : 4596812



