

ncrkhabar@Bhiwadi.समस्त श्याम परिवार भिवाड़ी एवं गुडफेथ प्रॉपर्टीज के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भिवाड़ी के यूआईटी सेक्टर-5 से तावडू स्थित प्रसिद्ध श्याम मंदिर तक 3131 फुट लंबी श्याम निशान पदयात्रा निकाली गई। यह धार्मिक आयोजन भिवाड़ी के साथ-साथ धारूहेड़ा, टपूकड़ा, रेवाड़ी, नूंह और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्याम भक्तों के लिए एक पावन उत्सव रहा।आचार्य नरेश शास्त्री की विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात आयोजक जगपाल सिंह एवं इंद्रजीत सिंह मोनू के नेतृत्व में पदयात्रा की शुरुआत हुई। श्रद्धालु भजनों की मधुर धुन पर नाचते-गाते 3131 फुट लंबी ध्वजा (निशान) लेकर पैदल यात्रा पर निकले। “जय श्री श्याम” के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की थाप से पूरे मार्ग का वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।
पदयात्रा यूआईटी सेक्टर-5 से निकलकर हेतराम चौक, मंशा चौक, भिवाड़ी मोड़, समतल चौक, फूलबाग, खोरी बैरियर, खोरी कला, निजामपुर सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए तावडू श्याम मंदिर पहुँची। रास्ते में नाहटा फाउंडेशन के ट्रस्टी पार्षद अमित नाहटा सहित अन्य श्याम प्रेमियों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। जलपान और सेवा के लिए कई स्थानों पर व्यवस्था भी की गई थी।तावडू श्याम मंदिर पर पहुंचकर श्री श्याम सरकार मित्र मंडल एवं स्थानीय श्याम भक्तों ने पदयात्रा का गरिमामय स्वागत किया। मंदिर में विशेष आरती का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। पदयात्रा के अंत में तावडू के एक निजी स्कूल परिसर में भंडारे का आयोजन हुआ, जहां सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।


Users Today : 199
Total Users : 4575949
Views Today : 246
Total views : 4596813



