राजस्थान के मुख्य सचिव वी श्रीनिवास व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में लिए कई निर्णय: अलवर–भिवाड़ी के सुनियोजित विकास को मिलेगी रफ्तार, भिवाड़ी विकास प्राधिकरण का होगा गठन

SHARE:

Ncrkhabar@Newdelhi/Bhiwadi. भिवाड़ी के सुनियोजित विकास और वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान  सहित अन्य विकास कार्यों को लेकर राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के बीच एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में भिवाड़ी को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण संतुलित शहर के रूप में विकसित करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में भिवाड़ी–धारूहेड़ा सीमा पर हर वर्ष होने वाले जलभराव को गंभीर समस्या बताते हुए वर्षा जल और एसटीपी से उपचारित पानी के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए गुरुत्व आधारित भूमिगत पाइपलाइन प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया गया। इसके लिए हरियाणा सरकार के साथ अंतर्राज्यीय समन्वय की आवश्यकता पर भी सहमति बनी। इस योजना के लागू होने से औद्योगिक क्षेत्रों और रिहायशी कॉलोनियों को जलभराव से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

भिवाड़ी में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को सुदृढ़ करने के लिए एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना पर भी चर्चा हुई। इसके तहत घर-घर से कचरा संग्रहण और पीपीपी मोड पर वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया, जिससे कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण और बिजली उत्पादन दोनों संभव होगा।

शहर के सुनियोजित विकास को गति देने के लिए भिवाड़ी विकास प्राधिकरण को सशक्त बनाने पर सहमति बनी। साथ ही सड़क, सीवरेज, ड्रेनेज, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। भिवाड़ी स्थित बाबा मोहन राम मंदिर कॉरिडोर के विकास को भी प्राथमिकता दी गई, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी।

इसके बाद बैठक में अलवर, नीमराना और बहरोड़ के विकास पर भी चर्चा की गई। अलवर में नए बस स्टैंड और बहरोड़ बस स्टैंड के विकास से सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने पर सहमति बनी। वहीं अलवर यूआईटी की लंबित आवासीय योजनाओं के शीघ्र निस्तारण पर भी निर्णय लिया गया।

नीमराना और बहरोड़ के लिए पृथक अर्बन इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के गठन तथा खुशखेड़ा–भिवाड़ी–नीमराना इन्वेस्टमेंट रीजन (KBNIR) परियोजना को गति देने पर विशेष जोर दिया गया, जिसे क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए बेहद अहम माना गया।

बैठक में राज्य और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से भिवाड़ी सहित पूरे अलवर क्षेत्र के संतुलित और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जबकि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने पर्यावरण संतुलन के साथ विकास कार्य आगे बढ़ाने पर बल दिया।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 4
Users Today : 198
Total Users : 4575948
Views Today : 245
Total views : 4596812
Read More