

ncrkhabar@Alwar. केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व में रविवार को अलवर टाइगर मैराथन साइकिल रैली निकाली गई। प्रताप ऑडिटोरियम से रवाना हुई इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और आम नागरिकों ने भाग लिया। केंद्रीय मंत्री स्वयं साइकिल चलाकर रैली में शामिल हुए और स्वस्थ जीवनशैली व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह साइकिल रैली आगामी 8 फरवरी को आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर हाफ मैराथन के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से निकाली गई। लगभग 10 किलोमीटर लंबी इस रैली के माध्यम से शहरवासियों को फिटनेस, खेल संस्कृति और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
फिट इंडिया अभियान को मिल रहा जनसमर्थन
केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान को अलवर संसदीय क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के अंतर्गत इस साइकिल रैली का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, नैतिक मूल्यों, खेल भावना और पर्यटन विकास को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
10 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन, अब 28 जनवरी तक मौका
केंद्रीय मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 फरवरी को आयोजित होने वाली अलवर टाइगर हाफ मैराथन में अब तक 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण करा लिया है। प्रतिभागियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि को तीन दिन बढ़ाकर 28 जनवरी तक कर दिया गया है। उन्होंने युवाओं, खिलाड़ियों एवं आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मैराथन में भाग लेकर अलवर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अपनी सहभागिता निभाएं।
अलवर बनेगा खेल और पर्यटन का नया केंद्र
भूपेन्द्र यादव ने कहा कि अलवर की प्राकृतिक सुंदरता, टाइगर रिजर्व और ऐतिहासिक धरोहरें इसे पर्यटन की दृष्टि से विशेष बनाती हैं। अलवर टाइगर मैराथन जैसे आयोजन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं बल्कि शहर को वैश्विक खेल पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध होंगे। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, भाजपा अलवर दक्षिण जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, सरस डेयरी चेयरमैन श्री नितिन सांगवान, संजय नरूका, बन्नाराम मीना, अरुण जैन, गगनदीप सिंह, जितेंद्र राठौड़, महेश निहलवानी, जीतू सैनी, नरेश गोयल, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, पं. जले सिंह, रजनीश जैमन, रोहिताश घांगल, अमित गोयल व हरमिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी एवं आमजन मौजूद रहे।



Users Today : 273
Total Users : 139910
Views Today : 351
Views This Year : 52347
Total views : 224767



