
Sports@ncrkhabar. com-Bhiwadi. मैकेनिकल इंजीनियर अमन कुमार ने अपनी मेहनत, अनुशासन और जज़्बे के दम पर राष्ट्रीय स्तर की मैराथन प्रतियोगिताओं में भिवाड़ी का नाम रोशन किया है। वर्तमान में गुरुग्राम स्थित एसटीएस इंफ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सप्लाई चेन मैनेजमेंट में मैनेजर पद पर कार्यरत अमन कुमार, नौकरी के साथ-साथ मैराथन दौड़ के क्षेत्र में भी लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।
भिवाड़ी के बीडीआई, ईएम-2 सेक्टर-712 के निवासी अमन कुमार पिछले दो वर्षों से देशभर में आयोजित मैराथन प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। अब तक वे भारत के विभिन्न राज्यों में आयोजित लगभग डेढ़ दर्जन मैराथन में हिस्सा ले चुके हैं। हाल ही में अमन कुमार ने देश की सबसे प्रतिष्ठित दौड़ प्रतियोगिता टाटा मुंबई मैराथन 2026 में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया। इस मैराथन के 21वें संस्करण में देश-विदेश से 69 हजार से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। अमन कुमार ने फुल मैराथन (42.195 किलोमीटर) की दूरी 4 घंटे 52 मिनट 43 सेकंड में पूरी की। प्रतियोगिता में बिब नंबर 16691 के साथ दौड़ते हुए उन्होंने 388वीं रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। अमन कुमार वर्तमान में अनुभवी कोच बिनेश सिन्हा के मार्गदर्शन में मैराथन की विशेष ट्रेनिंग कर रहे हैं। वे अपनी फिटनेस, स्टैमिना और टाइमिंग में लगातार सुधार पर काम कर रहे हैं। अब उनका अगला लक्ष्य नई दिल्ली मैराथन 2026 है, जो फरवरी 2026 में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में भी अमन कुमार 42.195 किलोमीटर फुल मैराथन में भाग लेंगे। अमन कुमार का लक्ष्य भविष्य में एक सफल एथलीट के रूप में पहचान बनाना है। इसके लिए वे निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अभ्यास कर रहे हैं और युवाओं को फिटनेस व खेलों के प्रति प्रेरित कर रहे हैं।



Users Today : 243
Total Users : 4584301
Views Today : 320
Total views : 4608436



