
ncrkhabar@Jaipur. राजस्थान आवासन मंडल की 254वीं बोर्ड बैठक में प्रदेशभर के शहरी विकास को लेकर कई अहम और विकासोन्मुख निर्णय लिए गए हैं। बैठक में भिवाड़ी की आवासीय योजनाओं को बड़ी राहत देते हुए आवेदन की अवधि बढ़ाने का फैसला किया गया, वहीं जयपुर के मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में अटल काव्य स्मारक एवं अटल लोकतंत्र उपवन के विकास को भी मंजूरी दी गई। राजस्थान आवासन मंडल मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित 254वीं बोर्ड बैठक की अध्यक्षता नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव एवं मंडल अध्यक्ष देबाशीष पृष्टी ने की। बैठक में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की घोषणा के अनुरूप जयपुर के मानसरोवर सिटी पार्क में अटल काव्य स्मारक एवं अटल लोकतंत्र उपवन के विकास हेतु डीपीआर तैयार करने तथा वास्तुविद की नियुक्ति को प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी दी गई।
बैठक में भिवाड़ी एवं हनुमानगढ़ की आवासीय योजनाओं को लेकर आमजन की बढ़ती मांग को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि 28 फरवरी तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इसे भिवाड़ी के आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इसके अलावा आईजी नगर सेक्टर 34-35 में मंडल बाल संप्रेक्षण गृह के लिए 2500 वर्गमीटर भूमि उपलब्ध कराने पर सहमति बनी, जिसका प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा। मंडल अध्यक्ष ने जानकारी दी कि नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के मार्गदर्शन में लेआउट प्लान संशोधन एवं भू-उपयोग परिवर्तन के लिए जिलावार शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही इन सेवाओं को सरल बनाने के लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी विकसित किया जाएगा। बैठक में बुधवार नीलामी, प्रीमियम संपत्तियों और विभिन्न आवासीय योजनाओं को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया को जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया गया। साथ ही जयपुर, जैसलमेर सहित अन्य शहरों में शीघ्र नई आवासीय योजनाएं लाने की घोषणा की गई। इसके अतिरिक्त भूमि चिन्हांकन, ड्रोन सर्वे, आरएफएसडीएल के माध्यम से लंबित संपत्तियों का निस्तारण तथा विभिन्न योजनाओं के विकास कार्यों हेतु प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां भी दी गईं।
आवासन आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा ने सभी निर्णयों की त्वरित क्रियान्विति के निर्देश देते हुए मंडल संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सीमांकन, साइनेज और फेंसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में मंडल सचिव गोपाल सिंह, उप सचिव डॉ. अशोक कुमार, मुख्य अभियंता अमित अग्रवाल, टी.एस. मीणा, वित्तीय सलाहकार के.सी. कुमावत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



Users Today : 132
Total Users : 4563246
Views Today : 156
Total views : 4579546



