मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिए नशे के कारोबार और गैंगस्टर्स पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ चलाएं विशेष अभियान

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi/Jaipur.राजस्थान को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बड़ा सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने नशे के कारोबार में लिप्त गिरोहों, गैंगस्टर्स और हार्डकोर अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई करते हुए प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के आदेश भी जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित गृह विभाग की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े गिरोहों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए विशेष और निरंतर अभियान चलाए जाएं।

नशे की आपूर्ति श्रृंखला पर हो कड़ी नजर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की समस्या के उन्मूलन के लिए इससे जुड़ी पूरी आपूर्ति श्रृंखला के रूट का चिन्हांकन कर विशेष निगरानी रखी जाए। सीमावर्ती क्षेत्रों में भी कड़ी सतर्कता और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नशे के छोटे से बड़े सभी नेटवर्क हों ध्वस्त

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े संगठित गिरोहों के छोटे से लेकर बड़े सभी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए। इसके लिए पुलिस, ड्रग्स कंट्रोलर, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य एजेंसियां समन्वित कार्रवाई करें। साथ ही, नशे से जुड़े मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नशे के दुष्परिणामों को लेकर चलाएं जागरूकता अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा अपराध की जड़ है, जो समाज और परिवारों को गहरे स्तर पर प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशे के दुष्परिणामों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही, पुलिस को सामाजिक संगठनों के सहयोग से पॉक्सो एक्ट एवं अन्य कानूनों के प्रति आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।

साइबर अपराध पर भी हो सख्त कार्रवाई 

मुख्यमंत्री ने साइबर अपराध को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में साइबर अपराध की घटनाएं अधिक हो रही हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर संबंधित गिरोहों पर कार्रवाई की जाए। यह अभियान तब तक जारी रहे, जब तक ऐसे अपराध जड़ से समाप्त नहीं हो जाते।

हर 10 दिन में हो कार्रवाई की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से पिछले दो वर्षों में अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने निर्देश दिए कि अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की प्रत्येक 10 दिन के अंतराल पर मॉनिटरिंग की जाए और लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय की जाए।

मॉडर्न पुलिसिंग पर दिया जोर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में अपराध भी हाईटेक हो चुके हैं, इसलिए पुलिस को भी आधुनिक तकनीकों और डिजिटल टूल्स का उपयोग कर मॉडर्न पुलिसिंग को अपनाना होगा।बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, विभिन्न जिलों के पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 4
Users Today : 199
Total Users : 4575949
Views Today : 246
Total views : 4596813
Read More