

ncrkhabar@Bhiwadi.खिजुरीवास टोल प्लाजा को लेकर लंबे समय से चली आ रही स्थानीय लोगों और उद्योग जगत की मांग अब पूरी होने की दिशा में बढ़ती नजर आ रही है। टोल प्लाजा को मसीत गांव में शिफ्ट करने की योजना के तहत प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में 10 फरवरी को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। टपूकड़ा एसडीएम लाखन सिंह गुर्जर ने बताया कि 10 फरवरी को दोपहर 12 बजे मसीत गांव स्थित अटल सेवा केंद्र पर जनसुनवाई होगी, जिसमें भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसान, भू-स्वामी एवं ग्रामीण अपनी आपत्तियां और सुझाव रख सकेंगे। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे ताकि प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सके। खिजुरीवास टोल प्लाजा लंबे समय से भिवाड़ी, खुशखेड़ा और टपूकड़ा औद्योगिक क्षेत्र के लिए जाम की बड़ी वजह बना हुआ था। रोजाना हजारों कामगार, कच्चा माल लेकर आने वाले ट्रक और तैयार माल ले जाने वाले भारी वाहन यहां जाम में फंसते थे, जिससे उद्योगों की सप्लाई चेन प्रभावित होती थी और समय व ईंधन की बर्बादी होती थी।
खुशखेड़ा-कारौली औद्योगिक संघ (केकेआईए) के अध्यक्ष प्रदीप दायमा ने बताया कि टोल प्लाजा को शहरी सीमा से अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा शिफ्ट होने से जाम से निजात मिलेगी तथा भिवाड़ी, टपूकड़ा, खुशखेड़ा, सलारपुर और कारोली औद्योगिक क्षेत्रों में जाने वाले उद्यमियों व कामगारों को काफी सुविधा होगी। इससे औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। स्थानीय ग्रामीणों और उद्योग जगत को उम्मीद है कि टोल प्लाजा का नया स्थान तय होने से यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और भिवाड़ी-टपूकड़ा औद्योगिक बेल्ट को जाम से स्थायी राहत मिलेगी।


Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



