Khairthal News: राजस्थान दिवस पर खैरथल में ‘एक जिला एक उत्पाद’ मेला शुरू, ऑटो इंडस्ट्री व महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद रहे आकर्षण का केंद्र

SHARE:

ncrkhabar@Khairthal-Tijara. राजस्थान दिवस के अवसर पर खैरथल-तिजारा जिले में ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) मेला एवं प्रदर्शनी का रविवार को पुरानी अनाज मंडी, खैरथल में शुभारंभ किया गया। 15 मार्च से 19 मार्च 2026 तक चलने वाले इस मेले में स्थानीय उद्योगों, सरकारी विभागों और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

मेले का उद्घाटन किशनगढ़बास के पूर्व विधायक रामहेत यादव, जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, भाजपा जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट ने अन्य जनप्रतिनिधियों और मंडी व्यापारियों के साथ रिबन काटकर किया।

मेले में आयोजित ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण रही। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की ओर से जिले के औद्योगिक विकास और उत्पादों की झलक प्रस्तुत की गई। प्रदर्शनी में एसएम ऑटो इंजीनियरिंग, पेस टेक्नोलॉजी और सीएमटी सहित कई औद्योगिक इकाइयों द्वारा तैयार ऑटोमोबाइल उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इससे स्थानीय उद्योगों की तकनीक और उत्पादन क्षमता को दर्शाया गया।

इसके अलावा मेले में विभिन्न विभागों द्वारा पंचगौरव उत्पादों से जुड़े स्टॉल भी लगाए गए हैं। इनमें पर्यटन विभाग, वन विभाग तथा पीएनबी बैंक सहित कई सरकारी विभागों ने अपनी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई।

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए राजीविका और नाबार्ड से जुड़े स्वयं सहायता समूहों को भी मेले में मंच दिया गया है। युवा जागृति, राधा रानी और पार्वती जैसे स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों की स्टॉल लगाई गई हैं, जिनमें स्थानीय हस्तशिल्प और घरेलू उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार इस मेले का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है। यह मेला 19 मार्च तक आम जनता के लिए खुला रहेगा और बड़ी संख्या में लोग इसका अवलोकन कर सकते हैं।

राजस्थान दिवस पर खैरथल की पुरानी अनाज मंडी में आयोजित ‘एक जिला एक उत्पाद’ मेले में लगी एक स्टॉल का अवलोकन करते जनप्रतिनिधि व अधिकारी।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 4
Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806
Read More