एडीएम शिवपाल जाट ने की सरकारी विभागों की समीक्षा, संपर्क पोर्टल परिवादों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

SHARE:

ncrkhabar@Khairthal-Tijara.अतिरिक्त जिला कलक्टर Shivpal Jat की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न योजनाओं की प्रगति और लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान एडीएम ने संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को त्वरित राहत प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभागवार समीक्षा के दौरान 30 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। टाइम एक्सीलरेशन के माध्यम से परिवादों के उच्च स्तर पर जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन कम से कम दो शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर फीडबैक प्राप्त करें और उसका रिकॉर्ड संधारित करें, ताकि निस्तारण की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।

बैठक में प्रधानमंत्री कुसुम योजना, आयुष्मान भारत योजना, स्वामित्व योजना, ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान, मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान, हरियालो राजस्थान तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) की प्रगति की समीक्षा की गई। जिन योजनाओं में प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उनसे संबंधित अधिकारियों को योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा ‘पंच गौरव’ के अंतर्गत 31 मार्च तक निर्धारित कार्य पूर्ण करने और वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तैयार कर भेजने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को वृद्धाश्रमों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा समाज कल्याण अधिकारी को असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को वृद्ध आश्रम में पंजीकृत कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ‘सबको बीमा अभियान-2047’ के अंतर्गत सर्वे कर अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने और एसडीजी इंडेक्स की लंबित रिपोर्ट शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सरकारी विभागों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते अतिरिक्त जिला कलक्टर Shivpal Jat।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 4
Users Today : 198
Total Users : 4575948
Views Today : 245
Total views : 4596812
Read More