
ncrkhabar@Khairthal-Tijara.खैरथल-तिजारा जिला सचिवालय में सोमवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपायों को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
एडीएम शिवपाल जाट ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जिले की सड़कें दुर्घटना मुक्त बन सकें। उन्होंने कहा कि किसी भी सड़क दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिकता जीवन बचाना होनी चाहिए और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में पिछली बैठक के निर्देशों की समीक्षा भी की गई। अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश किराडे ने बताया कि स्टार पब्लिक स्कूल के पास बने खतरनाक स्पीड ब्रेकर को दुरुस्त कर दिया गया है। इसके अलावा मातोर से ततारपुर चौराहे के बीच सड़कों के गड्ढों और स्पीड ब्रेकरों को भी ठीक किया गया है। सड़कों पर चेतावनी संकेतक और साइन बोर्ड लगाने का कार्य भी कराया गया है। एमवी एक्ट के तहत इस वर्ष अब तक 5467 मामलों में कार्रवाई करते हुए 33,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। एडीएम ने अवैध कटों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन की मदद से ऐसे मामलों की सूचना प्रशासन तक पहुंच सके।
उन्होंने जिले के सभी 8 ब्लैक स्पॉट पर अधिक साइन बोर्ड लगाने, यात्रियों को सतर्क करने और दुर्घटनाओं को कम करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस, पीडब्ल्यूडी और चिकित्सा विभाग को आईआरएडी (इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डाटाबेस) पर दुर्घटनाओं की जानकारी दर्ज कर आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आरएसआरडीसी और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सड़कों से अवैध स्पीड ब्रेकर हटाने, उचित साइन मार्किंग करने और रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में डीएसपी शीशराम, अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश किराडे, अधिशासी अभियंता आदेश यादव, जिला शिक्षा अधिकारी शकुंतला सहित परिवहन, पीडब्ल्यूडी और आरएसआरडीसी के अधिकारी मौजूद रहे।



Users Today : 205
Total Users : 4575955
Views Today : 252
Total views : 4596819



