
Business@ncrkhabar. com-Bhiwadi. पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों के कारण गैस सप्लाई बाधित होने का असर अब भिवाड़ी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। गैस आपूर्ति में कमी के कारण कई उद्योगों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है और श्रमिकों के पलायन की स्थिति भी बनने लगी है। इस स्थिति को देखते हुए उप श्रम आयुक्त खैरथल-तिजारा प्रज्ञा शर्मा ने भिवाड़ी में औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक के दौरान उद्योगपतियों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गैस आपूर्ति में कमी के कारण उत्पादन प्रभावित होने, उत्पादन लागत बढ़ने और श्रमिकों के पलायन जैसी समस्याओं को विस्तार से रखा। उद्योग प्रतिनिधियों ने वर्तमान संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और अन्य सुझाव भी प्रशासन के सामने रखे।
उप श्रम आयुक्त प्रज्ञा शर्मा ने सभी संगठनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समस्याओं के समाधान के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उद्योगों का सुचारू संचालन प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि श्रमिकों के रोजगार पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े और औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित न हों। बैठक के बाद श्रम विभाग की टीम ने भिवाड़ी स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण भी किया और मौके पर उत्पादन, श्रमिक उपस्थिति और संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
बैठक में भिवाड़ी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महासचिव के आर शर्मा के अलावा भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन, खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान श्रम निरीक्षक कविन्द्र चौधरी एवं गोविन्द प्रतिहार भी उपस्थित रहे।



Users Today : 295
Total Users : 139932
Views Today : 375
Views This Year : 52371
Total views : 224791



