भिवाड़ी में जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने जिला अस्पताल और 34 एमएलडी एसटीपी परियोजना का किया निरीक्षण, गर्मी से पहले चिकित्सा व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi. खैरथल तिजारा जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने शुक्रवार को भिवाड़ी के जिला अस्पताल और निर्माणाधीन 34 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं, डॉक्टरों की उपलब्धता और अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने जनरल वार्ड, टीबी वार्ड और रामाश्रय वार्ड का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों को नियमानुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल स्टाफ को मरीजों और उनके परिजनों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने तथा अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश भी दिए। आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए जिला कलक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को हीट स्ट्रोक से बचाव और त्वरित उपचार के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने लू प्रभावित मरीजों के लिए कूलिंग वार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने, अस्पताल परिसर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा ओआरएस, ग्लूकोज और आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा। साथ ही आमजन को लू से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए पोस्टर, बैनर और प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद जिला कलक्टर ने निर्माणाधीन 34 एमएलडी एसटीपी परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि एसटीपी का सिविल कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है और फिनिशिंग कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा। जिला कलक्टर ने कहा कि एसटीपी परियोजना पूरी होने से भिवाड़ी शहर की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी, जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता में भी सुधार होगा। इसके बाद उन्होंने नगर परिषद भिवाड़ी कार्यालय में विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा कर स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए कार्य योजना बनाकर प्रभावी तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 3 1 9
Users Today : 85
Total Users : 4563199
Views Today : 97
Total views : 4579487
Read More