
Crime@ncrkhabar. com-Mundawar. खैरथल-तिजारा। जिले की मुण्डावर थाना पुलिस ने मोबाइल लूट के मामले में फरार चल रहे 5000 रुपये के इनामी बदमाश अंकित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब तीन महीनों से पुलिस से बचता फिर रहा था, जिसे अब दबोचकर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ब्रजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह और किशनगढ़बास वृत्ताधिकारी लाल सिंह के सुपरविजन में मुण्डावर थाना प्रभारी मोहर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जानकारी के अनुसार गत 4 जनवरी को खैरथल-पहल रोड पर एक युवक को रोककर बदमाशों ने मारपीट की और उसका मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना के समय आरोपी एक स्विफ्ट कार में सवार थे और उन्होंने पीड़ित को अवैध हथियार दिखाकर डराया। इस संबंध में मुण्डावर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान की। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं मुख्य आरोपी अंकित पुत्र सतीश सैन निवासी नवीनगर (भिवाड़ी), जो घटना के बाद से फरार चल रहा था, को 6 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार चल रहे अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806



