भिवाड़ी एसपी बृजेश उपाध्याय का बीएमए पदाधिकारियों ने किया स्वागत, कानून व्यवस्था व साइबर अपराधों के रोकथाम पर की चर्चा

SHARE:

Ncrkhabar@Bhiwadi.भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय का भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (बीएमए) द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बीएमए अध्यक्ष चौधरी जसबीर सिंह राणा, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान और मानद सचिव जी.एल. स्वामी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एसपी का अभिनंदन किया। इस दौरान उद्योगपतियों और पुलिस प्रशासन के बीच क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

बैठक के दौरान बीएमए पदाधिकारियों ने भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराध, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि भिवाड़ी की भौगोलिक स्थिति के कारण यहां अपराधियों को पकड़ना चुनौतीपूर्ण हो जाता है, क्योंकि यह क्षेत्र तीन ओर से हरियाणा की सीमा से जुड़ा हुआ है। चोरी या अन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आसानी से सीमा पार कर फरार हो जाते हैं, जिससे पुलिस को कार्रवाई में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।

बीएमए ने पुलिस विभाग में संसाधनों और पुलिस बल (नफरी) की कमी की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। पदाधिकारियों ने मांग की कि औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और आधुनिक तकनीकी संसाधनों को बढ़ाया जाए, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

इस पर पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने उद्योगपतियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से उनके साथ है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे और औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस गश्त को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

एसपी ने यह भी भरोसा दिलाया कि भिवाड़ी में उद्योगों की सुरक्षा प्राथमिकता में शामिल है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस विभाग उद्योगपतियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगा, जिससे क्षेत्र में सुरक्षित और बेहतर औद्योगिक वातावरण तैयार किया जा सके।

इस अवसर पर बीएमए के उपाध्यक्ष अनुपम शुक्ला, राजबीर सिंह, अजित सिंह देशवाल, अरुण त्यागी और पी.सी. राय सहित कई उद्योगपति उपस्थित रहे।

भिवाड़ी में नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते बीएमए पदाधिकारी।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 3 1 8
Users Today : 71
Total Users : 4563185
Views Today : 81
Total views : 4579471
Read More