
ncrkhabar@Bhiwadi.खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार देर रात एक पशु आहार (कैटल फीड) बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की इस बड़ी घटना में फैक्ट्री का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया और करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, आग रात करीब 12:30 बजे लगी। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए अलवर, तिजारा, कोटपूतली, बहरोड़, तावडू और भिवाड़ी सहित आसपास के कई क्षेत्रों से दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया, लेकिन फैक्ट्री के अंदर रखे ज्वलनशील कच्चे माल के कारण आग बीच-बीच में फिर से भड़कती रही। आग बुझाने का कार्य देर रात तक जारी रहा। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद रहीं और हालात पर लगातार नजर बनाए रखी। खुशखेड़ा थाना पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री में कर्मचारियों की संख्या कम थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सटीक आकलन और जांच संभव हो पाएगी।


Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806



