

ncrkhabar@Bhiwadi. भिवाड़ी में प्रदूषण नियंत्रण और औद्योगिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला कलक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में बीड़ा सभागार में जिला प्रबोधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईटीपी (CETP) भिवाड़ी के संचालन में सुधार और पूर्व में जारी निर्देशों की समयबद्ध पालना सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने औद्योगिक इकाइयों को निर्धारित समयसीमा के भीतर SCADA सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदूषण की निगरानी रियल-टाइम में की जा सके और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित हो। आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने संभावित जलभराव और प्रदूषण की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने रीको, नगर परिषद और संबंधित विभागों को सभी प्रमुख व सहायक नालों की शीघ्र सफाई और डीसिल्टिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही, नालों से निकाले गए कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
सीईटीपी प्रबंधन को मानसून पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने, पाइपलाइन और संरचनाओं के नियमित रख-रखाव तथा आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में अवैध रूप से टैंकरों के माध्यम से उच्छिष्ट जल के परिवहन और निस्तारण को लेकर सख्त रुख अपनाया गया। जिला कलक्टर ने टास्क फोर्स को सक्रिय कर नियमित कार्रवाई करने और बिना पंजीकृत टैंकरों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों और औद्योगिक संगठनों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आगामी वर्षा ऋतु में भिवाड़ी क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में एडीएम सुमित्रा मिश्र, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारी अमित जुयाल, नगर परिषद आयुक्त मुकेश कुमार सहित रीको, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और भिवाड़ी जल प्रदूषण निवारण एसोसिएशन के चेयरमैन सुरेंद्र सिंह चौहान, कहरानी ग्रीन ट्रीटर्स एसोसिएशन के चेयरमेन चौधरी राम नारायण सिंह व महासचिव केआर शर्मा तथा खुशखेड़ा-करौली औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप दायमा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




Users Today : 71
Total Users : 4563185
Views Today : 81
Total views : 4579471



