
Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi.खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग की विजिलेंस शाखा में तैनात लाइनमैन संदीप को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई अलवर एसीबी के डिप्टी एसपी शब्बीर खान के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार आरोपी लाइनमैन ने एक बिजली उपभोक्ता को वीसीआर भरने और विभागीय कार्रवाई करने का डर दिखाकर उससे रिश्वत की मांग की थी। आरोपी उपभोक्ता के खिलाफ कार्रवाई दबाने और राहत देने के बदले 25 हजार रुपये मांग रहा था। परेशान होकर परिवादी ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से की।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। गुरुवार को एसीबी अलवर के डीएसपी शब्बीर खान के नेतृत्व में टीम ने किशनगढ़बास में जाल बिछाया और आरोपी लाइनमैन को रिश्वत की रकम लेते ही मौके पर गिरफ्तार कर लिया।एसीबी टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रिश्वतखोरी मामले में विभाग के अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल हैं या नहीं।इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने एसीबी की कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Users Today : 205
Total Users : 4575955
Views Today : 252
Total views : 4596819



