
Business@ncrkhabar. com-Bhiwadi. भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) राजस्थान और भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (BMA) के संयुक्त तत्वावधान में एक होटल में उद्योग जगत के लिए एक महत्वपूर्ण जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS 2024) और नए श्रम कानूनों (New Labour Codes) पर विस्तार से चर्चा की गई। सत्र में बड़ी संख्या में उद्योगपति, उद्यमी और औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत बीएमए के तत्काल पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चौहान के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि तेजी से बदल रहे औद्योगिक और कानूनी परिवेश में उद्यमियों के लिए नई नीतियों और नियमों की जानकारी बेहद आवश्यक हो गई है। ऐसे कार्यक्रम उद्योगों को जागरूक और तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नई श्रम संहिताओं के लागू होने से उद्योगों की कार्यप्रणाली में होंगे कई बदलाव
सत्र के पहले चरण में खैतान एंड कंपनी के रोजगार, श्रम एवं लाभ विभाग के पार्टनर अभिनव रस्तोगी और प्रत्यक्ष कर विभाग के पार्टनर राघव कुमार बजाज ने नई श्रम संहिताओं पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने 44 पुराने श्रम कानूनों को समेकित कर 4 नई श्रम संहिताएं बनाई हैं, जिनमें मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, औद्योगिक संबंध और व्यावसायिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधान शामिल हैं। विशेषज्ञों ने कहा कि नई श्रम संहिताओं के लागू होने के बाद उद्योगों की कार्यप्रणाली में कई बदलाव आएंगे। ऐसे में कंपनियों और औद्योगिक इकाइयों को अभी से अनुपालन (Compliance) की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
RIPS 2024 योजना से उद्योगों को मिलेगा लाभ
कार्यक्रम के दूसरे चरण में वैब कंसल्टेंसी एंड सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग पार्टनर विष्णु गोयल और रामानंद गोयल एंड कंपनी के सीनियर पार्टनर पवन लखोटिया ने राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS 2024) के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार की यह योजना राज्य में नए निवेश को बढ़ावा देने और मौजूदा उद्योगों के विस्तार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बनाई गई है। योजना के तहत पूंजी निवेश अनुदान, ब्याज अनुदान, बिजली शुल्क में छूट और रोजगार सृजन प्रोत्साहन जैसी सुविधाएं उद्योगों को उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उद्योगपतियों ने पूछे सवाल
कार्यक्रम में एक इंटरेक्टिव ओपन हाउस सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उद्योगपतियों और उद्यमियों ने विशेषज्ञों से श्रम कानूनों और RIPS 2024 से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने उद्योग प्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए व्यावहारिक सुझाव भी दिए।
बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधि रहे मौजूद
बीएमए अध्यक्ष चौ. जसबीर सिंह राणा ने समापन संबोधन में कहा कि ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम उद्योग जगत को सरकारी नीतियों और कानूनी बदलावों से अपडेट रखने में मदद करते हैं। उन्होंने सभी वक्ताओं, सीआईआई राजस्थान और उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर CII राजस्थान के उप निदेशक आशीष पाठक, सीनियर मैनेजर प्रवीण कुमार देवल, बीएमए के मानद सचिव जी.एल. स्वामी, योगेश जैन, नरेश कुमार गोयल, गोविंद गुप्ता, बलवीर चौधरी सहित बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806



