अजंता केमिकल फैक्ट्री के कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, वेतन बढ़ोत्तरी सहित कई मांगें उठाईं

SHARE:

Business@ncrkhabar. com-Bhiwadi.औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी स्थित अजंता चौक की अजंता केमिकल फैक्ट्री में शनिवार को श्रमिकों ने वेतन वृद्धि और श्रमिक सुविधाओं को लेकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कामगार कंपनी गेट पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए प्रबंधन को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और श्रमिकों तथा फैक्ट्री प्रबंधन के बीच बातचीत कराई।

प्रदर्शन कर रहे कामगारों में अनुज, मुकेश, विकास, दुर्गेश और अश्विनी लाल सहित कई कर्मचारी शामिल रहे। श्रमिकों ने मांग की कि 8 घंटे की ड्यूटी का मासिक वेतन 20 हजार रुपए किया जाए। साथ ही ओवरटाइम सहित अधिकतम 11 घंटे तक ही ड्यूटी करवाई जाए और ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से दिया जाए। कामगारों का कहना है कि मौजूदा वेतन में परिवार का पालन-पोषण करना बेहद मुश्किल हो गया है। लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण घर खर्च, बच्चों की पढ़ाई और किराया निकालना कठिन हो रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को आर्थिक रूप से राहत देने के लिए वेतन में बढ़ोतरी जरूरी है। श्रमिकों ने फैक्ट्री में लंच टाइम नहीं काटने, नहाने की समुचित व्यवस्था करने और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। इसके अलावा पानी पीने के लिए पर्याप्त समय देने, अवकाश और बोनस का पूरा भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही गई।

कामगारों ने बताया कि वर्ष 2021 में हुए समझौते के दौरान ड्यूटी का समय एक घंटा कम कर 11 घंटे किया गया था, लेकिन उसमें लंच का आधा घंटा शामिल नहीं किया गया। श्रमिकों की मांग है कि लंच टाइम को भी ड्यूटी समय में जोड़ा जाए और नया एग्रीमेंट कर कर्मचारियों के हित सुरक्षित किए जाएं। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

वहीं फैक्ट्री के प्लांट हेड संजीव कुमार ने कहा कि कंपनी न्यूनतम मजदूरी से अधिक वेतन दे रही है। उन्होंने बताया कि शुद्ध पेयजल, नहाने की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और ओवरटाइम से जुड़ी अधिकांश मांगों को स्वीकार कर लिया गया है। वेतन वृद्धि के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुसार हर वर्ष नियमित बढ़ोतरी की जाती है और इस संबंध में श्रमिकों से गुरुवार तक का समय मांगा गया है।

भिवाड़ी स्थित अजंता केमिकल फैक्ट्री में प्रदर्शन करते श्रमिक।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 4
Users Today : 198
Total Users : 4575948
Views Today : 245
Total views : 4596812
Read More