
सोशल मीडिया पर मारपीट की सूचना के बाद जेनेसिस मॉल और एवलोन रॉयल प्लाजा में एक साथ हुई छापेमारी
ncrkhabar@Bhiwadi (ncr). भिवाड़ी थाना पुलिस ने स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही कथित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जेनेसिस मॉल और एवलोन रॉयल प्लाजा स्थित कई स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 27 युवतियों व महिलाओं तथा छह युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्पा संचालकों में हड़कंप मच गया और लंबे समय तक मॉल परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पिछले काफी समय से कुछ स्पा सेंटरों में मसाज और वेलनेस सेवाओं की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। भिवाड़ी थाना एसएचओ सचिन शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि एक स्पा सेंटर से जुड़ी तीन युवतियां एक युवक के साथ मारपीट कर रही हैं। मामला सामने आने के बाद उच्च अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मटिला चौकी प्रभारी एसआई पुनीत मीणा और भिवाड़ी मोड़ चौकी प्रभारी एएसआई प्रवीण कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम में डीएसटी, क्यूआरटी, कलिका यूनिट और महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस की टीम ने जेनेसिस मॉल और एवलोन रॉयल प्लाजा में एक साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आशियाना स्पा, इटैलियन स्पा, गोल्डन स्पा सहित करीब एक दर्जन स्पा सेंटरों की जांच की। कई युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। बाद में पुलिस ने 27 युवतियों व महिलाओं और पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई की भनक लगते ही कई स्पा सेंटर संचालकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कुछ लोग मौके से भागने में सफल रहे, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर कई लोगों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मॉल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हलचल बनी रही। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्पा सेंटरों में कार्यरत युवतियां और महिलाएं भिवाड़ी, रेवाड़ी, झज्जर और गुरुग्राम जिले की रहने वाली हैं।
पुलिस अब उनके दस्तावेजों, लाइसेंस और स्पा सेंटर संचालकों के रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन सेंटरों का संचालन किन लोगों द्वारा किया जा रहा था और इनके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को भिवाड़ी मोड़ पुलिस चौकी लाया गया, जहां उनसे देर रात तक पूछताछ की गई। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

सोशल मीडिया से मिला था इनपुट
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया के जरिए सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर से जुड़ी तीन युवतियां एक युवक के साथ मारपीट कर रही हैं। इसी सूचना के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई। कार्रवाई में डीएसटी, क्यूआरटी, कलिका यूनिट, मटिला चौकी, भिवाड़ी मोड़ चौकी और महिला पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस की 20 से अधिक सदस्यों वाली टीम ने एक साथ कई स्पा सेंटरों पर दबिश दी।
इन स्पा सेंटरों पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने आशियाना स्पा, इटैलियन स्पा, गोल्डन स्पा व रॉयल स्पा सहित करीब नौ स्पा सेंटरों की जांच की। कई सेंटरों से युवक-युवतियां संदिग्ध हालत में मिले। पुलिस जांच में सामने आया है कि स्पा सेंटरों में कार्यरत युवतियां और महिलाएं भिवाड़ी, रेवाड़ी, झज्जर और गुरुग्राम जिले की रहने वाली हैं। दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच जारी है।
– “सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली थी कि स्पा सेंटर से जुड़ी तीन युवतियां एक युवक के साथ मारपीट कर रही हैं। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की गई। शहर में अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
— सचिन शर्मा, एसएचओ पुलिस थाना भिवाड़ी


Users Today : 337
Total Users : 155775
Views Today : 401
Views This Year : 72987
Total views : 245407


