
Ncrkhabar@Ghazipur. Ghazipur में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। शहर के चर्चित बिंदु होटल के बाहर करोड़पति होटल कारोबारी के 29 वर्षीय बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को चार नकाबपोश बदमाशों ने अंजाम दिया, जो दो बाइक पर सवार होकर होटल पहुंचे थे। बदमाश पहले बीयर खरीदने के बहाने गेट पर रुके और फिर मौका मिलते ही विनीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार घटना सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बिंदु होटल की है। होटल संचालक आलोक राय के बेटे विनीत राय होटल का पूरा मैनेजमेंट संभालते थे। शुक्रवार रात वह होटल में डिनर करने के बाद घर लौटने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान चारों बदमाश होटल के मुख्य गेट पर पहुंचे और गार्ड शंभू से बीयर मांगी।
बीयर खरीदने के बहाने रची गई हत्या की साजिश
गार्ड ने बताया कि बदमाशों ने पहले 16 बीयर की मांग की। जब गार्ड ने पैसे मांगे तो उन्होंने ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कही। इसके बाद गार्ड होटल मैनेजर का फोन और क्यूआर कोड लेकर आया। इसी दौरान बदमाश लगातार बातचीत में उलझाते रहे और फिर कहा कि उन्हें सिर्फ 8 बीयर चाहिए। उधर, विनीत होटल के अंदर से बाहर निकलकर अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे। तभी बदमाशों ने अचानक पिस्टल निकाल ली और उन्हें घेरकर फायरिंग शुरू कर दी। हमले में विनीत को सीने में दो, हाथ में एक और कमर में एक गोली लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े।
गार्ड को भी दौड़ाया, हवाई फायरिंग कर फरार हुए आरोपी
वारदात के दौरान बदमाशों ने होटल गार्ड को भी निशाना बनाने की कोशिश की। जान बचाने के लिए गार्ड मौके से भाग गया। इसके बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गार्ड ने तुरंत होटल मालिक आलोक राय को फोन कर सूचना दी। गंभीर हालत में विनीत को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक साल पहले हुई थी विनीत की शादी
परिवार के अनुसार विनीत राय पढ़े-लिखे और व्यवहार कुशल युवक थे। उन्होंने एमएससी और डी-फार्मा की पढ़ाई की थी और होटल के रेनोवेशन का काम भी देख रहे थे। पिछले साल 18 मई को उनकी शादी हुई थी। उनकी दो महीने की एक बेटी है। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
रंगदारी नहीं देने पर हत्या का आरोप
होटल कारोबारी आलोक राय ने एक कुख्यात अपराधी पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रंगदारी नहीं देने की वजह से उनके बेटे की हत्या करवाई गई। उन्होंने कहा कि वह हर साल करोड़ों रुपए टैक्स देते हैं, लेकिन उनका परिवार सुरक्षित नहीं है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शहरभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



