
Crime@ncrkhabar.com-Bhiwadi. शहर के थड़ा गांव स्थित हिल व्यू गार्डन सोसायटी में सोमवार शाम डिलीवरी राइडर्स और सोसायटी के गार्डों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि सोसायटी के गार्डों और बाउंसरों ने डिलीवरी देकर लौट रहे राइडर्स पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में पांच युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार डीग जिले के पहाड़ी क्षेत्र के मटीला निवासी नासिर सोमवार शाम करीब पांच बजे हिल व्यू गार्डन सोसायटी में ऑनलाइन सामान की डिलीवरी देकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान गेट पर मौजूद गार्डों ने उसे रोक लिया और बिना एंट्री के सोसायटी में प्रवेश करने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गार्डों ने नासिर के साथ मारपीट कर दी।घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में डिलीवरी राइडर्स सोसायटी के बाहर पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान गार्डों और बाउंसरों ने राइडर्स पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में चौपानकी के हुसैपुर गांव निवासी सपात और उदयपुर गांव निवासी दिलशाद गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं नासिर, रिजवी और इरशाद को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद सभी राइडर्स मटीला पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। राइडर्स का कहना है कि डिलीवरी एजेंटों के साथ सोसायटियों में लगातार बदसलूकी और मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे उनमें आक्रोश है।
उधर सोसायटी प्रबंधन ने कहा कि संबंधित डिलीवरी बॉय बिना एंट्री करवाए अंदर गया था, जिसको लेकर गार्डों ने उसे रोका था। इसके बाद राइडर्स ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और गार्ड से मारपीट करने लगे।



Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807



