Khairthal-Tijara News : जिलेभर के अस्पतालों का औचक निरीक्षण, कई डॉक्टर और नर्सिंगकर्मी मिले अनुपस्थित

SHARE:

ncrkhabar@Khairthal-Tijara. खैरथल तिजारा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) का औचक निरीक्षण किया। जिला कलक्टर के निर्देश पर उपखंड अधिकारियों ने अस्पतालों में साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, भवन स्थिति, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्वास्थ्य केंद्रों पर अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए।

किशनगढ़बास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी सत्यवीर सिंह और तहसीलदार अभिषेक यादव ने व्यवस्थाओं की जांच की। यहां चिकित्सक डॉ. सुरेश पाटोदिया अनुपस्थित पाए गए, जिनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। भवन की दीवारों में सीलन, उखड़ा प्लास्टर और टूटी टाइलें भी देखने को मिलीं। अधिकारियों ने अस्पताल में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने और भवन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आरएल ड्रिप से मरीजों की तबीयत बिगड़ने की खबरों पर भी जानकारी ली गई। प्रशासन ने संदिग्ध बैच की ड्रिप के उपयोग पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर चिकित्सा सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।

मुंडावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपखंड अधिकारी ने ओपीडी, लेबर रूम, एक्स-रे कक्ष, इमरजेंसी वार्ड और बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण व्यवस्था का निरीक्षण किया। कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

टपूकड़ा सीएचसी के निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी कृष्ण यादव ने अस्पताल परिसर और लेबर रूम में साफ-सफाई व्यवस्था कमजोर पाई। महिला वार्ड और सामान्य वार्ड में बेडशीट नहीं मिलने पर संबंधित चिकित्सक को तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अस्पताल के आपातकालीन द्वार के सामने अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था को भी सुधारने को कहा गया।तिजारा उपखंड अधिकारी संजीव कुमार ने हिंगवाहेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां सभी कर्मचारी उपस्थित मिले, लेकिन अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पाई गई। वहीं कोटकासिम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपखंड अधिकारी रेखा यादव के निरीक्षण के दौरान तीन चिकित्सक और दो नर्सिंगकर्मी अनुपस्थित मिले। प्रशासन ने अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन को समयबद्ध और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चिकित्सा संस्थानों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 4
Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806
Read More