

ncrkhabar@Bhiwadi. कस्बे के खिदरपुर गांव में गुरुवार को प्रशासन द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई विवादों में घिर गई। प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ बीड़ा की बताई जा रही भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची, जहां कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी इमरान खान ने कार्रवाई का विरोध किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस भी हुई। प्रशासन ने बुलडोजर की सहायता से विवादित भूमि पर बने निर्माण को हटाया। कांग्रेस नेता इमरान खान ने दावा किया कि खसरा नंबर 212 की भूमि पर उनका वैध अधिकार है और उस पर उनका पक्का निर्माण मौजूद था। उन्होंने कहा कि भूमि के सीमांकन और स्वामित्व को लेकर मामला एसडीएम कार्यालय तथा न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में अंतिम निर्णय आने से पहले अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करना उचित नहीं है।
विधायक के दबाव में कार्रवाई का आरोप
कांग्रेस नेता इमरान खान ने आरोप लगाया कि तिजारा विधायक महंत बालकनाथ के दबाव में प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। उन्होंने इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताते हुए कहा कि विपक्ष से जुड़े लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि मामला न्यायालय में लंबित है तो प्रशासन को फैसला आने तक इंतजार करना चाहिए था। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग के घायल होने का मामला भी सामने आया। इमरान खान ने आरोप लगाया कि पुलिस वाहन की चपेट में आने से 13 वर्षीय आकिल पुत्र आसम घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार हुई कार्रवाई
एसडीएम कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि खिदरपुर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जिला कलक्टर के निर्देशों और राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर की गई है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार अतिक्रमण हटाना है और पूरी कार्रवाई नियमानुसार की गई है।


Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806



