
ncrkhabar@Bhiwadi. टपूकड़ा उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सलारपुर में आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। चौपाल में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 23 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें रास्ता, पानी, नामांतरण, आवासीय पट्टा, स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि आवंटन, रीको भूमि मुआवजा तथा सीएसआर कार्यों से संबंधित मामले प्रमुख रहे।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने परिवादियों से व्यक्तिगत संपर्क बनाकर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और औसत निपटान समय में सुधार लाने पर भी जोर दिया। चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। इसमें वृद्धजन पेंशन योजना, आपकी बेटी योजना, विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री पालनहार योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, लाडो योजना, जल जीवन मिशन, पीएम सूर्यघर योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना शामिल रहीं। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया और योजनाओं के लाभों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को तारबंदी योजना, फार्म पॉन्ड निर्माण, प्याज भंडारण योजना तथा अन्य कृषि आधारित योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि उत्पादन और आय बढ़ाने का आह्वान किया। रात्रि चौपाल में अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट, उपखंड अधिकारी कृष्ण सिंह यादव, सरपंच प्रतिनिधि राजेश यादव सहित ग्रामीण तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Users Today : 198
Total Users : 4575948
Views Today : 245
Total views : 4596812



