
Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi.भिवाड़ी के थड़ा गांव स्थित एक सरिया गोदाम पर शुक्रवार रात गोदाम संचालक के साथ मारपीट कर 1.04 लाख रुपये लूटने तथा अपहरण की कोशिश करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर भिवाड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धारूहेड़ा निवासी कवर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार रात करीब 10 बजे थड़ा गांव स्थित अपने गोदाम पर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग सामान लेने के बहाने गोदाम पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खोलते ही तीन गाड़ियों में सवार आठ-दस लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोपितों में थड़ा निवासी प्रदीप, खरखड़ा निवासी अजीत उर्फ टोपी, खिजूरीवास निवासी कमल तथा उनके अन्य साथी शामिल थे। आरोप है कि प्रदीप और अजीत ने गोदाम में घुसकर दो लाख रुपये की मांग की। रुपये देने से इन्कार करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। कवर सिंह का आरोप है कि मारपीट के दौरान अजीत ने उनके सिर पर बंदूक तान दी और जेब में रखे एक लाख चार हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद आरोपित उन्हें जबरन गाड़ी में डालकर ले जाने लगे। आरोपितों ने कहा कि उनका बेटा उन्हें छुड़ाने के लिए लाखों रुपये देगा। पीड़ित किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर सड़क की ओर भागा, लेकिन आरोपितों ने उसका पीछा कर दोबारा पकड़ लिया और वाहन में डालने का प्रयास किया। पीड़ित के अनुसार जब वह ब्लिंकिट स्टोर के सामने पहुंचकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा तो वहां मौजूद कर्मचारी और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपित उसे छोड़कर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने जान से मारने और 10 लाख रुपये देने की धमकी भी दी। घटना की सूचना तत्काल डायल-100 पर दी गई। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना की रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है। भिवाड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़ित का मेडिकल कराया है और आरोपितों की तलाश कर रही है।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



