
Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi.भिवाड़ी फेज-3 थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी सोशल मीडिया और OLX जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खुद को भारतीय सेना का जवान बताकर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक एमटीआई चौक के आसपास मोबाइल फोन के जरिए साइबर फ्रॉड की वारदातों को अंजाम दे रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान कुलदीप (28) निवासी नाहरपुर, जिला अलवर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए। मोबाइल की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। व्हाट्सएप चैट में स्कूटी बेचने के नाम पर लोगों से बातचीत, फर्जी आर्मी आईडी कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, क्यूआर कोड और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े स्क्रीनशॉट मिले।
स्कूटी बेचने के नाम पर गुजरात के युवक से ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को सेना का जवान बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। इसके बाद वह कम कीमत में स्कूटी और अन्य सामान बेचने का झांसा देकर एडवांस राशि ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लेता था। ठगी के लिए आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों और फर्जी नामों से व्हाट्सएप अकाउंट संचालित कर रहा था। समन्वय पोर्टल 1930 पर जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल नंबर से जुड़ी एक शिकायत भी मिली। गुजरात के अहमदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने स्कूटी खरीदने के नाम पर 28,500 रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से शिकायतकर्ता के साथ हुई चैट और भुगतान से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं।
सोशल मीडिया के जरिए करता था ठगी
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी पहचान बनाकर लोगों को ठगता था। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में उसके खिलाफ पहले भी साइबर अपराध और आईटी एक्ट से जुड़े मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बरामद दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Users Today : 199
Total Users : 4575949
Views Today : 246
Total views : 4596813



