
ncrkhabar@Jaipur/Bhiwadi.डिजिटल लेन-देन और ऑनलाइन सेवाओं के बढ़ते उपयोग के बीच राज्य सरकार ने आमजन को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के लिए दो महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की हैं। इनमें फर्जी इंस्टेंट लोन ऐप्स के माध्यम से होने वाली जबरन वसूली और ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर होने वाले टास्क स्कैम से बचाव पर विशेष जोर दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि अनधिकृत इंस्टेंट लोन ऐप्स तत्काल ऋण उपलब्ध कराने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। ऐसे ऐप डाउनलोड करते ही साइबर ठग मोबाइल फोन के संपर्क, फोटो, दस्तावेज और अन्य निजी जानकारियों तक पहुंच बना लेते हैं। बाद में पीड़ितों को धमकी देकर, मॉर्फ्ड तस्वीरें भेजकर और अत्यधिक ब्याज की मांग कर अवैध वसूली की जाती है। आमजन को सलाह दी गई है कि वे केवल अधिकृत और विश्वसनीय प्लेटफॉर्म से ही वित्तीय एप्लीकेशन डाउनलोड करें तथा किसी भी ऐप को अनावश्यक अनुमति न दें।
टास्क स्कैम के प्रति भी किया गया सतर्क
गृह विभाग की दूसरी एडवाइजरी में टास्क स्कैम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। साइबर अपराधी बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि बनकर लोगों को घर बैठे आसान काम और मोटी कमाई का लालच देते हैं। शुरुआत में छोटी रकम देकर विश्वास जीतने के बाद वे लोगों से बड़ी धनराशि निवेश करवाने का प्रयास करते हैं और बाद में संपर्क तोड़ देते हैं। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन जॉब ऑफर, निवेश योजना या कम समय में अधिक कमाई के दावों पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। किसी अज्ञात व्यक्ति या संस्था के खाते में धनराशि ट्रांसफर करने से बचें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
राज्य सरकार ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी, जबरन वसूली या कोई संदिग्ध डिजिटल गतिविधि होती है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। इसके अलावा शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल� पर भी दर्ज की जा सकती है।सरकार ने लोगों से डिजिटल सतर्कता अपनाने, व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने और साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है ताकि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Users Today : 71
Total Users : 4563185
Views Today : 81
Total views : 4579471



