
Ncrkhabar@Bhiwadi.शहर में शुक्रवार को बिना बारिश के ही जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई। राजस्थान आवासन मंडल (आरएचबी) कार्यालय के समीप गंदे पानी को रोकने के लिए बनाई गई मिट्टी की अस्थायी दीवार टूट जाने से हजारों लीटर पानी आसपास के क्षेत्रों में फैल गया। इसके चलते भगतसिंह कॉलोनी, अलवर बाइपास, धारूहेड़ा मोड़ नेशनल हाईवे, बीड़ा कार्यालय और पुराने डीटीओ कार्यालय मार्ग पर जलभराव हो गया।कई स्थानों पर करीब तीन फीट तक पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हो गया। जलभराव के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई दोपहिया व चारपहिया वाहन पानी में बंद हो गए।

आरएचबी कार्यालय परिसर भी हुआ जलमग्न
जलभराव का असर राजस्थान आवासन मंडल कार्यालय परिसर में भी देखने को मिला। कार्यालय परिसर में गंदा पानी भर जाने से कर्मचारियों और विभिन्न कार्यों से पहुंचे आमजन को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। बदबूदार पानी और कीचड़ के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
प्रशासन की अस्थायी व्यवस्था फिर हुई फेल
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने के बजाय अस्थायी उपायों पर निर्भर है। पानी रोकने के लिए हाउसिंग बोर्ड कार्यालय के पास करीब चार फीट ऊंची मिट्टी की दीवार बनाई गई थी, लेकिन पानी के दबाव के आगे यह दीवार टिक नहीं सकी और टूट गई।

इन क्षेत्रों का पानी बन रहा परेशानी की वजह
नगीना गार्डन, एमपीएस स्कूल, बीड़ा कार्यालय और नेक्सा शोरूम क्षेत्र का पानी उचित निकासी नहीं मिलने के कारण वापस हाईवे और आसपास की कॉलोनियों की ओर लौट रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक स्थायी ड्रेनेज सिस्टम नहीं बनेगा, तब तक यह समस्या बार-बार सामने आती रहेगी।

27 मई को भी टूटी थी मिट्टी की दीवार
यह पहली बार नहीं है जब मिट्टी की दीवार टूटने से जलभराव हुआ हो। इससे पहले 27 मई को भी इसी स्थान पर दीवार ढहने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल गया था। बार-बार एक जैसी स्थिति बनने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
क्या बोले नगर परिषद अधिकारी
नगर परिषद के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक दिनेश मीणा ने बताया कि पानी का दबाव अधिक होने के कारण मिट्टी की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जेसीबी की सहायता से नई मिट्टी की दीवार बनाई गई है तथा मड पंप के जरिए पानी को वापस भूखंड में भेजा जा रहा है।


Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806



