
ncrkhabar@Bhiwadi. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह हिल व्यू गार्डन, भिवाड़ी में योग शिविर का आयोजन किया गया। एसपीआर ऑटो टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (Formerly known as Shri Ram Pistons & Rings Limited), पथरेड़ी एवं हिल व्यू गार्डन रेजिडेंट्स वेलफेयर समिति, भिवाड़ी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई। योग गुरु शीला चौहान एवं भारतीय योग संस्थान की उनकी टीम ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और स्वस्थ जीवन का आधार है। नियमित योग करने से तनाव कम होता है, शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा व्यक्ति स्वस्थ और ऊर्जावान बना रहता है। इस अवसर पर एसपीआर ऑटो टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की ओर से अनिल कुमार यादव एवं शुभम अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन कुछ समय योग और प्राणायाम के लिए निकालने का आग्रह किया तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में हिल व्यू गार्डन सोसायटी आरडब्ल्यूए के महासचिव धर्मेंद्र कुमार गौतम व सुनील जांगिड़ सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। शिविर में शामिल लोगों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों को नियमित योग के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। यह आयोजन योग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।



Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807



